प्राकृतिक कृषि उत्पाद खरीदने से नहीं आएँगी बीमारियां : राज्यपाल

-जिला पंचायत और महानगर पालिका के संयुक्त तत्वावधान में शुरू हुआ प्राकृतिक कृषि उत्पाद बाजार

सूरत, 7 अप्रैल (हि.स.)। राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने कहा कि आज कैंसर, डायबिटीज और छोटे बालकों में हार्ट अटैक जैसी गम्भीर बीमारियां बढ़ रही हैं। खेती में रासायनिक खाद और पेस्टिसाइट्स के अत्यधिक उपयोग से आहार में जहर का प्रभाव बढ़ा है। लोगों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए प्राकृतिक कृषि ही निराकरण है। प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन देने के लिए मिशन मोड़ पर कार्य किया जा रहा है। यह बात उन्होंने सोमवार को वेसु के एसडी जैन विद्यालय के पास प्राकृतिक कृषि बाजार के शुभारम्भ के मौके पर कही।

राज्यपाल ने कहा कि राज्य सरकार पिछले कई वर्षों से लोगों के स्वास्थ्य, धरती की उर्वरता और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कार्य कर रही है। इसके लिए प्राकृतिक कृषि एकमात्र उपाय है। किसानों और उपभोक्ताओं के लिए अत्यंत लाभदायी प्राकृतिक कृषि का दायरा बढ़ाने के लिए किसानों को बाजार व्यवस्था उपलब्ध करवाना इसका उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि लोग जितने पैसे अस्पताल में खर्च करते हैं, उन पैसों का उपयोग प्राकृतिक कृषि उत्पादों की खरीद में करेंगे तो बीमारियां आएंगी ही नहीं। इतना ही नहीं, शरीर निरोगी और स्वस्थ भी रहेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में प्राकृतिक खेती मिशन को राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन बनाकर देश के बजट में 1481 करोड़ रुपए का आवंटन किया है। इससे समग्र भारत में प्राकृतिक कृषि अभियान मिशन मोड पर चलाया जाएगा।

यह प्राकृतिक कृषि बाजार सूरत जिला पंचायत और सूरत महानगरपालिका के संयुक्त तत्वावधान में आरम्भ किया गया है। इस दौरान सूरत जिले में प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों में से 70 किसान अपने उत्पाद बिक्री के लिए लाये। किसान यहां प्रति बुधवार और रविवार को सुबह 8 से 11 बजे के बीच बेहतर, स्वास्थ्यप्रद, गुणवत्तापूर्ण और केमिकलयुक्त सब्जियां, फल, दलहन और अनाज की बिक्री कर सकेंगे। इस अवसर पर मेयर दक्षेश मावाणी, जिला पंचायत प्रमुख भाविनीबेन पटेल, कलक्टर डॉ. सौरभ पारघी, म्युनिसिपल कमिश्नर शालिनी अग्रवाल, पुलिस कमिश्नर अनुपमसिंह गहलोत, जिला खेतीबाड़ी अधिकारी सतीष गामित, जिला आत्मा प्रोजेक्ट डायरेक्टर एनजी गामित और कॉर्पोरेटर्स सहित कई पदाधिकारी और अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बिनोद पाण्डेय

   

सम्बंधित खबर