हिसार: हरियाणा सरकार ने 10 वर्षों में प्रदेश का किया एक समान विकास : डॉ. कमल गुप्ता

मंत्री ने किया शहर में 46 लाख के सौन्दर्यीकरण कार्यों का उद्घाटन

हिसार, 26 जुलाई (हि.स.)। स्वास्थ्य एवं नागरिक उड्डयन मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने कहा है कि हरियाणा सरकार पिछले 10 वर्षों में प्रदेश का एक समान विकास करने पर जोर दे रही हैं। नगर निगम द्वारा शहर में विकास कार्य व सौन्दर्यकरण के कार्य बड़ी तेजी से किए जा रहे हैं।

डॉ. कमल गुप्ता शुक्रवार को शहर में 46 लाख के सौन्दर्यीकरण के तीन कार्यों का उद्घाटन करने उपरांत क्षेत्रवासियों से बातचीत कर रहे थे। सौंदर्यकरण की कड़ी में निगम ने सबसे पहले क्लॉथ मार्केट के नजदीक तुलसी चौक पर लगभग 20 लाख रूपये की लागत से बने लाल किले के प्रतिरूप का उद्घाटन किया गया। इसके पश्चात लक्ष्मीबाई चौक के समीप पुराने ओवरब्रिज के साथ बनाए गये 17 लाख रूपये की लागत से बने चंद्रयान के प्रतिरूप चौक का उद्घाटन किया गया। इसके बाद सेक्टर 9-11 दिल्ली रोड़ से एंट्री प्वाइंट पर लगभग 9 लाख रूपये की लागत से बने इंडिया गेट के प्रतिरूप का उद्घाटन किया गया। कैबिनेट मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने सौन्दर्यकरण के कार्यों का उद्घाटन करके क्षेत्रवासियों को समर्पित करते हुए कहा कि आज का दिन हिसार विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए खुशी का दिन है। हिसार में विभिन्न चौकों पर राष्ट्रीय गर्व के प्रतिरूपों की स्थापना की गई है।

उन्होंने कहा कि वे शहर में ज्यादा से ज्यादा विकास कार्य करवाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हरियाणा सरकार ने पिछले 10 वर्षो में जो विकास कार्य किए हैं वो डबल इंजन की सरकार के कारण ही संभव हो पाए हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान हरियाणा सरकार ने अपने अब तक के लगभग 10 वर्षों के कार्यकाल में प्रदेश में सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की भावना से कार्य करते हुए क्षेत्रवाद से ऊपर उठकर समान विकास सुनिश्चित किया है।

इस अवसर पर उपायुक्त व निगमायुक्त प्रदीप दहिया, निवर्तमान पार्षद जगमोहन मित्तल, निवर्तमान मनोनीत पार्षद कैप्टन नरेन्द्र शर्मा, सुरेश गोयल धूपवाला, रामचंद्र गुप्ता, प्रवीन पोपली, प्रोमिला पूनिया, लोकेश असीजा, कृष्ण बिश्नोई, सुशील बुड़ाकिया, डॉ. वैभव बिदानी, केपी गुप्ता, कार्यकारी अभियंता संदीप सिहाग, एमई संदीप बैनीवाल, एई सुमित कुमार, जेई प्रवीन चौहान, जेई संदीप काजल आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर / SANJEEV SHARMA

   

सम्बंधित खबर