आयकर राजस्व के सबसे महत्वपूर्ण स्रोतों में से एक : प्रधान आयकर आयुक्त

प्रयागराज, 24 जुलाई (हि.स.)। आयकर सरकार के लिए राजस्व के सबसे महत्वपूर्ण स्रोतों में से एक है। कर राज्य को राजस्व प्रदान करते हैं और इसलिए यह किसी भी प्रकार की सरकार द्वारा प्रशासन के किसी भी प्रणाली के सबसे महत्वपूर्ण पहलुओं में से एक है। किसी अर्थव्यवस्था की मजबूती इस बात पर निर्भर करती है कि कर प्रणाली कितनी अच्छी है। एक न्यायपूर्ण कर प्रणाली किसी देश के आर्थिक विकास और उसकी समृद्धि को बढ़ावा दे सकती है। उक्त विचार प्रधान आयकर आयुक्त आभा रानी सिंह ने आयकर दिवस पर कर्मचारियों को सम्बोधित करते हुए व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि वर्ष 1860 में आयकर के रूप में तीस लाख रुपये संग्रहित हुए थे। गत वर्ष सरकार द्वारा आयकर से संग्रहण का लक्ष्य रुपये 19.45 लाख करोड़ रखा गया था, जिसके सापेक्ष रू 19.58 लाख करोड़ का कर संग्रहण हुआ। इलाहाबाद चार्ज का भी कर संग्रहण पिछले वर्षों की तुलना में अच्छा रहा है। गत वर्ष जहां रू 818.22 करोड़ का शुद्ध कर संग्रहण हुआ, वहीं वर्तमान वित्तीय वर्ष में अभी तक 326.72 करोड़ का कर संग्रहण आ चुका है। इसके लिए प्रधान आयकर आयुक्त ने प्रयागराज के सम्मानित करदाताओं को बधाई दिया तथा अपेक्षा भी व्यक्त की कि प्रयागराज के करदाता भविष्य में भी इसी तरीके देश के विकास में अपना भरपूर योगदान देते रहेंगे तथा देश के अर्थव्यवस्था की मजबूती में भागीदार बनेंगें।

प्रधान आयकर आयुक्त ने बताया कि आज तकनीक का जमाना है। प्रत्येक करदाता पर विभाग की नजर है। आयकर के रूप में अर्जित राजस्व का उपयोग सरकार द्वारा जनता के लिए बेहतर सुविधाएं के लिए किया जाता है। सरकार की प्राप्तियों में 19 पैसा आयकर से तथा 17 पैसा निगम कर से आता है। इसलिए कहा जा सकता है कि सरकार की प्राप्तियों में आयकर विभाग एवं आयकर दाता का बड़ा योगदान रहता है।

बुधवार को आयकर सभागार में आयोजित कार्यक्रम में अपर आयकर आयुक्त परिक्षेत्र शिव कुमार राय ने कहा कि 1857 में स्वतंत्रता के पहले युद्ध के दौरान ब्रिटिश शासन को हुए नुकसान की भरपाई के लिए सर जेम्स विल्सन द्वारा 24 जुलाई, 1860 को आयकर लगाया गया था। उसे याद करते हुए आयकर विभाग द्वारा प्रत्येक वर्ष 24 जुलाई को ‘आयकर दिवस’ मनाया जाता है।

इस दौरान अपर आयकर आयुक्त ए के सिंह, सहायक आयकर आयुक्त सौरभ गुहा, आयकर अधिकारी सुब्रतो गुप्ता, नन्दन कुमार सोनकर, रवि कुमार मेहता, आयकर कर्मचारी महासंघ के पदाधिकारी योगेश्वर राय, रविन्द्र कुमार गौर, बृजेश कुमार, भावेश कुमार, रोहित सिंह एवं विजय कुमार, आयकर निरीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार श्रीवास्तव, नन्हू लाल पाण्डेय, भगवान प्रसाद पटेल, राजेश कुमार गुप्ता, पुरुषोत्तम शर्मा, संजय कुमार मेहता, अरूण कुमार शुक्ला, सोनम केसरवानी व श्रद्धा केसरवानी, संगीता कुमारी, कृष्णानन्द शर्मा, यज्ञ नरायण सिंह सहित समस्त कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र / राजेश

   

सम्बंधित खबर