स्वतंत्रता दौड़ में विद्यार्थियों के साथ कलेक्टर-एसपी भी दौड़े

स्वतंत्रता दौड़ में दौड़ती हुई कलेक्टर नम्रता गांधी व अन्य।

धमतरी, 14 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में 14 अगस्त को जिला प्रशासन तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन किया गया। यह दौड़ सुबह साढ़े सात बजे से स्थानीय गांधी चौक से शुरू होकर गोलबाजार, घड़ी चौक, भगवती लाज, देवश्री टाकिज रोड, शिव चौक, सेंचुरी गार्डन होते हुए गांधी चौक में समाप्त हुई।

महापौर विजय देवांगन और पूर्व विधायक रंजना साहू ने इस अवसर पर रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में कलेक्टर नम्रता गांधी, एसपी आंजनेय वार्ष्णेय, जिले के अधिकारी-कर्मचारी, नागरिक, जनप्रतिनिधि और स्कूली बच्चों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक रंजना साहू ने स्वतंत्रता दौड़ में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। देश के प्रधानमंत्री ने हर घर तिरंगा अभियान की शुरूआत की है, हमारा देश हमारे लिए सबसे पहले हैं। बलिदानियों के बलिदान की वजह से हमारा देश आजाद हुआ है। आज इस स्वतंत्र देश में हम सभी को देश की शान तिरंगा फहराने का अधिकार है। इस अभियान के तहत हर घर में तिरंगा लगाना है।

कलेक्टर नम्रता गांधी ने स्वतंत्रता दौड़ के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि किसी की मदद और अच्छाई के लिए दौड़ लगाना है। प्रतियोगिता में कुछ लोग जीतते हैं, लेकिन सद्भावना की दौड़ में सभी विजयी होते हैं। आप देश के भविष्य हैं और आप अपने साथ अन्य लोगों की मदद कर सकते हैं। हमारा सर हमेशा देश के सम्मान के लिए उठना चाहिए। एसपी आंजनेय वार्ष्णेय ने कहा कि यह अवसर हमें उन मूल्यों को याद करने का है, जिन्होंने हमारे स्वतंत्रता के लिए बलिदान दिया है। आज के इस दौड़ में सभी विजेता हैं, सभी आज अपने-अपने घरों में तिरंगा जरूर फहराएं।

स्वतत्रता दौड़ में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बालक-बालिकाओं को अलग-अलग सम्मानित किया गया। साथ ही खेल में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बच्चों को प्रमाण पत्र व शील्ड प्रदाय किया गया। अतिथियों को औषधि पौधे और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। अपर कलेक्टर जीआर मरकाम ने आभार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर नागरिक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी- कर्मचारी, महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक, विद्यार्थी, खेल संघ के पदाधिकारी आदि उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा / गायत्री प्रसाद धीवर

   

सम्बंधित खबर