भारत 40 देशों से कच्चा तेल आयात कर रहा है, अर्जेंटीना नया आपूर्तिकर्ता : हरदीप पुरी
- Admin Admin
- Feb 10, 2025
![](/Content/PostImages/57f7abb253a30a1b6dcd3678ff54f336_1505387629.jpg)
नई दिल्ली, 10 फरवरी (हि.स.)। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप पुरी ने सोमवार को कहा कि भारत अपनी मांग को पूरा करने के लिए सभी संभावित स्रोतों से कच्चे तेल का आयात करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि भारत ने अपने कच्चे तेल के आयात को 27 से बढ़ाकर 40 देशों में कर दिया है।
केंद्रीय मंत्री पेट्रोलियम मंत्री ने भारत ऊर्जा सप्ताह (आईईडब्ल्यू’25) से एक दिन पहले यहां मीडिया को संबोधित करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत ने अपने कच्चे तेल का आयात 27 से बढ़ाकर 40 देशों में कर दिया है। उन्होंने कहा, 27 आपूर्तिकर्ताओं में से हमारे पास अब 40 आपूर्तिकर्ता हैं। हमने एक और देश अर्जेंटीना को जोड़ा है।
उन्होंने कहा कि अमेरिका, रूस, सऊदी अरब, यूएई और इराक भारत को कच्चे तेल के बड़े आपूर्तिकर्ता हैं। उन्होंने कहा, यह बहुत ही गतिशील स्थिति है, लेकिन हम सभी स्रोतों से आयात के लिए तैयार हैं। पेट्रोलियम मंत्री ने कहा कि भारत अपनी कच्चे तेल की 80 फीसदी से अधिक आवश्यकता के लिए आयात पर निर्भर है। घरेलू कच्चे तेल का उत्पादन बढ़ाने और आयात को कम करने के लिए सरकार द्वारा कई कदम उठाए गए हैं।
पुरी ने 11 से 14 फरवरी, 2025 तक नई दिल्ली द्वारका के यशोभूमि में आयोजित होने वाले “भारत ऊर्जा सप्ताह 2025 (आईईडब्ल्यू’25) से पहले वैश्विक ऊर्जा परिदृश्य में भारत के बढ़ते कद पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि ऊर्जा कैलेंडर पर पहला प्रमुख वैश्विक आयोजन और वर्ष का सबसे व्यापक एवं समावेशी ऊर्जा समागम होगा। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने जारी एक बयान में कहा कि 1 लाख वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में फैला आईईडब्ल्यू’25 मंत्रिस्तरीय और सीईओ की भागीदारी, प्रदर्शनी स्थल और सत्रों की संख्या के मामले में दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा ऊर्जा कार्यक्रम होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर