
प्रधानमंत्री मोदी कर सकते हैं उदघाटन
जींद, 03 जुलाई । भारत देश की पहली अत्याधुनिक और प्रदूषण मुक्त हाइड्रोजन ट्रेन का रेलवे ट्रैक पर चलने का सपना जल्द साकार होने जा रहा है। ट्रेन के सफल संचालन को लेकर रेलवे विभाग द्वारा लगातार हाइड्रोजन ट्रेन का ट्रायल किया जा रहा है। इसी के चलते शुक्रवार को दिल्ली डिवीजन के डीआरएम पुष्पेश त्रिपाठी स्पेशल ट्रेन से व प्रशासनिक तथा रेलवे अधिकारियों की टीम के साथ जींद जंक्शन पर पहुंचे। यहां उन्होंने जंक्शन का गहनता से निरीक्षण किया। रेलवे डीआरएम ने स्टेशन परिसर, हाइड्रोजन प्लांट और स्टेडियम स्थित हेलीपैड का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। माना जा रहा है कि जल्द ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत देश की पहली हाइड्रोजन टे्रन का उद्घाटन करेंगे।
रेलवे के डीआरएम पुष्पेश त्रिपाठी शुक्रवार को जींद जंक्शन पर पहुंचे और रेलवे परिसर की जांच की। बाकायदा यहां उन्होंने स्थानीय अधिकारियों से व्यवस्थाओं को लेकर बातचीत की। इसके बाद उन्होंने हाइड्रोजन प्लांट व ट्रेन को भी देखा। निरीक्षण के बार रेलवे डीआरएम पुष्पेश त्रिपाठी ने बताया कि हाइड्रोजन ट्रेन का ट्रायल बेहद एडवांस स्टेज पर पहुंच गया है। सोनीपत-जींद रूट पर हाइड्रोजन ट्रेन का स्पीड ट्रायल हो चुका है। इस समय दिल्ली-सोनीपत और जींद-दिल्ली ट्रैक पर लगातार निरीक्षण किया जा रहा है ताकि भविष्य के सभी विकल्प खुले रहें। उन्होंने कहा कि अगले 10 से 12 दिनों में हम ट्रायल की प्रक्रिया पूरी कर लेंगे।
रेलवे डीआरएम ने स्टेडियम हैलीपेड का किया निरीक्षण
कयास लगाए जा रहे हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हाइड्रोजन ट्रेन का उद्घाटन किया जाएगा। इसी के चलते रेलवे डीआरएम ने एकलव्य स्टेडियम में हेलीपैड के निरीक्षण किया। डीआरएम ने स्पष्ट किया कि फिलहाल कोई आधिकारिक शेडयूल या टेंटेटिव प्रोग्राम नहीं आया है लेकिन यह देश का एक बेहद प्रतिष्ठित प्रोजेक्ट है। इसलिए संभावना है कि निकट भविष्य में कोई बड़ा वीवीआईपी इसका उद्घाटन करे। रेलवे अपनी तरफ से सभी तैयारियां पूरी कर रही है।
---------------

