नेपाल सीमा पर तस्करी रोकने के लिए एसएसबी ने मरबैता टोला की पगडंडी पर पांच फीट गहरे गड्ढे खोदे
- DSS Admin
- Jun 13, 2026
सुपौल, 13 जून (हि.स.)। नेपाल सीमा से सटे वीरपुर क्षेत्र में तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने नई रणनीति अपनाई है। सतना बीओपी क्षेत्र के अंतर्गत नेपाल जाने वाली एक प्रमुख पगडंडी पर जेसीबी मशीन से करीब पांच फीट गहरे गड्ढे खोद दिए गए हैं, ताकि बाइक और चारपहिया वाहनों के जरिए होने वाली अवैध आवाजाही पर अंकुश लगाया जा सके।
जानकारी के अनुसार नगर पंचायत के वार्ड संख्या-1 स्थित मरबैता टोला से नेपाल को जोड़ने वाली इस पगडंडी का हाल के दिनों में तस्करों द्वारा लगातार इस्तेमाल किया जा रहा था। इसी मार्ग से नेपाल की ओर से 17 क्विंटल गांजा लदे एक पिकअप वाहन को भारतीय सीमा में प्रवेश कराने का प्रयास किया गया था। हालांकि एसएसबी की सतर्कता के कारण तस्करों की योजना नाकाम हो गई थी।
बताया जाता है कि उस कार्रवाई के दौरान तस्करों ने सुरक्षा बल के जवानों को वाहन से कुचलने की भी कोशिश की थी। इस गंभीर घटना का उल्लेख एसएसबी पूर्णिया रेंज के डीआईजी मधुकर अमिताभ ने भी एक प्रेस वार्ता में किया था। सीमा सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि तस्कर मुख्य सड़कों की बजाय पगडंडियों और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल कर मादक पदार्थों व अन्य प्रतिबंधित सामान की तस्करी करते हैं। इसी चुनौती से निपटने के लिए मरबैता टोला की पगडंडी पर गहरे गड्ढे बनाकर वाहनों की आवाजाही रोकने का कदम उठाया गया है।
अधिकारियों के अनुसार यह फिलहाल अस्थायी, लेकिन प्रभावी सुरक्षा उपाय साबित हो सकता है। स्थानीय लोगों का भी मानना है कि एसएसबी की इस पहल से सीमावर्ती इलाके में तस्करी की गतिविधियों पर लगाम लगेगी और सुरक्षा व्यवस्था पहले से अधिक मजबूत होगी। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि भविष्य में तकनीकी निगरानी और अन्य आधुनिक संसाधनों का उपयोग कर सीमा सुरक्षा को और सुदृढ़ किया जाएगा।

