उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की पहल, अर्द्धरात्रि में जगमगाये यमुना के घाट

मथुरा, 27 अगस्त(हि.स.)। भगवान श्रीकृष्ण के 5251वें जन्मोत्सव पर उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, जिला प्रशासन और श्रद्धालुओं ने सोमवार की रात यमुना के घाट दीपों से झिलमिला दिए। विश्राम घाट सहित आसपास के अन्य घाटों पर 5251 दीपों से रोशनी घाटों की आभा बिखेर रही थी। शुभारंभ सोमवार देर रात उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सीईओ श्याम बहादुर सिंह ने दीप जलाकर शुभारंभ किया था।

उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने जिला प्रशासन और आम लोगों के साथ इस महोत्सव को भव्यता और दिव्यता प्रदान की है। लोगों ने सोमवार को जन्माष्टमी के मौके पर यमुना के घाटों पर दीपदान किया। इसका हिस्सा बने लोगों ने 5251 दीप जलाए। इससे यमुना के घाट दीपों की रोशनी से जगमगा उठे। दूर से ही यमुना के घाटों की इस झिलमिलाहट ने लोगों को अपनी ओर आकर्षित किया। विश्राम घाट पर आरती के दौरान उपस्थित लोगों ने भी बड़ी संख्या में दीपदान में भाग लिया। विश्राम घाट सहित अन्य घाटों पर प्रभु श्री कृष्ण से सबंधित सुंदर आकर्षक रंगोली देखकर बाहर से आए श्रद्धालु हर्षित हो उठे। आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सीईओ श्याम बहादुर सिंह ने दीपदान करके किया। उन्होंने कहा कि यह हम सभी का सौभाग्य है कि भगवान के 5251वें जन्मोत्सव का हिस्सा बन रहे हैं। इस बार जन्मोत्सव में बृजवासी ही नहीं बल्कि बाहर से आए भक्त भी अपने को इस खास अवसर के लिए आनंदित महसूस कर रहे हैं। मथुरा ही नहीं वृंदावन में भी दीपदान किया गया है। यमुना घाट पर दीपदान के दौरान उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के डिप्टी सीईओ सतीश चंद्र तकनीकी सलाहकार आरके जायसवाल सहायक अभियंता आर पी यादव के अलावा मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण के अधिशासी अभियंता प्रशांत गौतम अनिल चतुर्वेदी आदि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार / दिलीप शुक्ला

   

सम्बंधित खबर