ईरान के कई शहरों में विस्फोट, अमेरिकी हमले के बाद राष्ट्रपति पेजेश्कियान इराक से स्वदेश रवाना, नजफ में है खामेनेई का पार्थिव शरीर
- DSS Admin
- Jul 08, 2026
तेहरान (ईरान), 08 जुलाई (हि.स.)। ईरान के कई शहरों में शक्तिशाली विस्फोट हुए हैं। इराक के नजफ में मौजूद ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान अमेरिकी हमले की सूचना पाकर स्वदेश रवाना हो गए हैं। ईरान का शीर्ष नेतृत्व इस समय अपने नेता अयातुल्ला सैयद अली खामेनेई के अंतिम संस्कार के समारोह की रस्मों में व्यस्त है। खामेनेई का पार्थिव शरीर नजफ में है। इसके बाद इराक के कर्बला में श्रद्धांजलि सभा होनी है। ईरान के मशहद में गुरुवार को उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।
ईरान के सरकारी ब्रॉडकास्टर आईआरआईबी की एक्स पोस्ट और अमेरिकी न्यूज चैनल सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान इराक से तेहरान लौट रहे हैं। राष्ट्रपति ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की अंतिम संस्कार की रस्म में शामिल होने के लिए नजफ गए थे। खामेनेई का पार्थव शरीर मंगलवार को नजफ पहुंचा। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी इरना के अनुसार, राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने इराक का अपना दौरा पूरा करने के बाद बुधवार तड़के (स्थानीय समय) नजफ छोड़ दिया।
पेजेश्कियान की वापसी शोक में डूबे देश में अमेरिकी हमलों के बीच हो रही है। अमेरिका ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले कमर्शियल जहाजों पर ईरान के हमलों के जवाब में सैन्य हमले किए हैं। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने एक्स पोस्ट पर इसकी पुष्टि की। सेंटकॉम ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग में कमर्शियल जहाजों पर हमला करने के लिए ईरान को भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। ईरान ने कथित रूप पर होर्मुज से गुजर रहे तीन कमर्शियल जहाजों पर हमला किया। कमांड ने कहा कि ईरान की यह आक्रामकता संघर्ष विराम का स्पष्ट उल्लंघन है।
अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, दक्षिणी ईरान में सिरिक और केशम के पास कई धमाके सुने गए। बंदर अब्बास के पूर्व और पश्चिम में भी धमाके हुए हैं। ईरानी मीडिया के अनुसार, सिरिक बंदरगाह पर प्रोजेक्टाइल (मिसाइल या रॉकेट) कमर्शियल और फिशिंग पियर्स (जहाज घाटों) से टकराए। इससे पहले अमेरिकी ट्रेजरी विभाग ने मंगलवार को ईरान को जून में जारी लाइसेंस को रद्द कर दिया। अमेरिका ने यह लाइसेंस जारी कर ईरान को 21 अगस्त तक कच्चे तेल और संबंधित उत्पादों के उत्पादन, बिक्री और डिलीवरी की अस्थायी अनुमति दी थी। इस कदम से संघर्ष के अंतिम समाधान पर चल रही बातचीत के बीच तेहरान पर दबाव बढ़ गया है। ईरान के पोर्ट शहर सिरिक, बंदर अब्बास और केशम आइलैंड में भी धमाकों की आवाज सुनी गई है।
ईरान ने कहा कि अमेरिका ने लाइसेंस रद्द कर एमओयू का उल्लंघन किया है। विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर हमलों की निंदा की है। उधर, ईरान के राष्ट्रपति पेजेश्कियान ने इस्लामी क्रांति के शहीद नेता अयातुल्ला सैयद अली खामेनेई के लिए आयोजित श्रद्धांजलि समारोहों की मेजबानी करने पर इराकी सरकार और जनता का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने इस कार्यक्रम को दोनों देशों के बीच गहरे ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक संबंधों का प्रतिबिंब बताया और कई क्षेत्रों में आपसी सहयोग बढ़ाने के महत्व पर जोर दिया।
---------------

