
रांची, 23 अप्रैल (हि.स.)।
आजसू पार्टी के सुप्रीमो सुदेश महतो ने बुधवार को जीतराम बेदिया की 167वीं पुण्यतिथि पर सुरसु में स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शहीद जीतराम बेदिया का भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में योगदान बहुत महत्वपूर्ण रहा है। जीतराम बेदिया सिर्फ बेदिया समाज ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने 1857 के स्वतंत्रता आंदोलन में अपने साथियों के साथ अंग्रेजों के छक्के छुड़ा दिए थे। उनके प्रभाव से अंग्रेजों के पसीने छूटते थे।
सुदेश महतो ने कहा कि हम सबों को शहीद जीतराम बेदिया के बताएं मार्ग पर चलने की जरुरत है। समाज उनके योगदान को कभी नहीं भूलेगा।
कार्यक्रम में आजसू पार्टी के कार्यकर्ता अनगड़ा पूर्वी के जिला परिषद राजेंद्र शाही मुंडा, टाटी मुखिया रामानंद बेदिया, सुरसु मुखिया सुमित्रा देवी, ग्राम प्रधान सिंगारी बालेश्वर बेदिया, ग्राम प्रधान कुच्चू जयशंकर पाहान, आजसू पार्टी बुद्धिजीवी मंच के अध्यक्ष जगमोहन बेदिया, घासनी देवी, सिदो-कान्हो क्लब के प्रखंड अध्यक्ष दीनदयाल बेदिया, श्याम सुन्दर बेदिया सहित अन्य मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak