मुठभेड़ से भागा बदमाश 23 दिन बाद गिरफ्तार

जौनपुर, 29 मई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में जलालपुर थाना पुलिस ने गुरुवार रात बड़ी कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर बीते दिनों मुठभेड़ से भागे बदमाश को धर दबोचा। बदमाश पर वाराणसी और जौनपुर जिलों में कुल 10 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी बहरीपुर गांव स्थित हरदनबीर मंदिर के पास से की गई।

इस मामले में शुक्रवार को जानकारी देते हुए जलालपुर थानाध्यक्ष प्रशांत सिंह ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वांछित बदमाश इलाके में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपित की पहचान विनय सरोज पुत्र दीनानाथ सरोज निवासी बहरीपुर, थाना जलालपुर के रूप में हुई है।

आरोपित छह मई को जलालपुर थाना क्षेत्र के डिंगुरपुर नहर रोड पर हुई मुठभेड़ के दौरान फरार हो गया था। उस समय वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस और बाइक सवार बदमाशों के बीच गोलीबारी हुई थी। मुठभेड़ में अंकित यादव के पैर में गोली लगी थी, जबकि बाइक चला रहा दूसरा बदमाश मौके से फरार हो गया था। बाद में उसकी पहचान विनय सरोज के रूप में हुई थी।

थानाध्यक्ष प्रशांत सिंह ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश पर कुल 10 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें दो मुकदमे वाराणसी जिले के शिवपुर थाने में, एक केराकत थाने में तथा सात मुकदमे जलालपुर थाने में दर्ज हैं। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

   

सम्बंधित खबर