जनकल्याण शिविर और स्वास्थ्य मेले का आयोजन, दी गई योजनाओं की जानकारी

केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में हुआ कार्यक्रम

हाथरस, 14 जून (हि.स.)। सादाबाद ब्लॉक परिसर में रविवार काे जनकल्याण शिविर और स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। आयोजन केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में हुआ। पूर्व ब्लॉक प्रमुख बहादुर सिंह चौधरी ने फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

उद्घाटन के बाद, बहादुर सिंह चौधरी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी ली और उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं, नागरिकों को दी जा रही जानकारी तथा कर्मचारियों की उपस्थिति का जायजा लिया।

चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे और उन्हें समयबद्ध लाभ मिल सके। शिविर में विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉल लगाए। इन स्टॉलों पर केंद्र और राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों की स्वास्थ्य जांच की, परामर्श दिया और दवाइयां उपलब्ध कराईं। अन्य विभागों ने सामाजिक सुरक्षा, ग्रामीण विकास, स्वच्छता, पंचायत और कृषि जैसी योजनाओं पर लाभार्थियों का मार्गदर्शन किया। इस अवसर पर सहायक विकास अधिकारी पंचायत रामकिशन सिंह, सुरेश चंद आजाद, संत कुमार, एडीओ सांख्यिकी धर्मेंद्र और विनोद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे। बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों ने कार्यक्रम में भाग लेकर विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

आयोजकों ने क्षेत्रीय नागरिकों से अपील की कि वे शिविर में पहुंचकर सरकारी योजनाओं की जानकारी लें और पात्रता के अनुसार लाभ उठाएं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन को सरकारी योजनाओं से जोड़ना, जागरूकता बढ़ाना और सभी सेवाओं को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना था।

---------------

   

सम्बंधित खबर