रांची, 02 जून (हि.स.)।
सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय, दरभंगा हाउस स्थित गंगोत्री कन्वेंशन सेंटर में मंगलवार को तीन दिवसीय विशेष आधार नामांकन और अद्यतन शिविर का शुभारंभ किया गया।
यह शिविर 04 जून तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें सीसीएल कर्मियों और उनके आश्रितों को आधार संबंधी विभिन्न सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।
शिविर का उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि सीसीएल के महाप्रबंधक (मानव संसाधन-कल्याण) संजय कुमार ठाकुर ने किया। मौके पर उन्होंने कहा कि सीसीएल अपने कर्मचारियों और उनके परिवारजनों के कल्याण के लिए समय-समय पर जनोपयोगी और सुविधापरक पहल करता रहा है।
इस प्रकार के शिविरों का उद्देश्य आवश्यक सेवाओं को कर्मचारियों के निकट पहुंचाना और उनकी दैनिक जरूरतों का सरल समाधान सुनिश्चित करना है।
मुख्य अतिथि ने कहा कि यह पहल आधार संबंधी सेवाओं को अधिक सुगम, सुलभ और समयबद्ध बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। शिविर के पहले दिन बड़ी संख्या में लाभार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और लगभग 40 लोगों का आधार नामांकन एवं अद्यतन कार्य संपन्न किया गया। शिविर में 0 से 05 वर्ष, 05 से 18 वर्ष और 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों के लिए आधार नामांकन और अद्यतन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इससे कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को आधार कार्ड से संबंधित कार्यों के लिए अलग-अलग केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
कार्यक्रम में आदिल हुसैन, प्रबंधक (खेल) सहित बड़ी संख्या में सीसीएल कर्मी और उनके परिजन मौजूद थे।
---------------

