आनंद साईं दरबार के 16 वें स्थापना दिवस पर होगा धार्मिक महोत्सव

रामगढ़, 15 जून (हि.स.)। गोला रोड स्थित प्रसिद्ध आनंद साईं दरबार के 16 वें स्थापना दिवस समारोह को लेकर मंदिर प्रांगण में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंदिर समिति के अध्यक्ष अमित कुमार सिन्हा ने की। बैठक में स्थापना दिवस समारोह को भव्य और सफल बनाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई और जिम्मेदारियां सौंपी गईं। मंदिर समिति के अध्यक्ष अमित कुमार सिन्हा ने बताया कि आनंद साईं दरबार का 16 वां स्थापना दिवस समारोह 24 जून से 26 जून तक तीन दिनों तक श्रद्धा, भक्ति और सेवा भाव के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस वर्ष का आयोजन पूर्व वर्षों की अपेक्षा अधिक भव्य होगा, जिसमें हजारों साईं भक्तों की सहभागिता रहने की संभावना है।

स्थापना दिवस समारोह का शुभारंभ 24 जून को भव्य पालकी यात्रा के साथ होगा। मंदिर प्रांगण से निकलने वाली यह यात्रा चट्टी बाजार, लोहार टोला, सुभाष चौक एवं थाना चौक सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंचेगी। पालकी यात्रा में साईं बाबा की आकर्षक झांकी, भजन-कीर्तन, ढोल-नगाड़े और धार्मिक ध्वज आकर्षण का केंद्र होंगे। आयोजकों के अनुसार यात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर साईं बाबा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करेंगे।

तीन दिवसीय आयोजन के दूसरे दिन 25 जून को आनंद साईं दरबार में विशेष पूजन और हवन का आयोजन किया जाएगा। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आयोजित होने वाले इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे। पूजा-अर्चना के उपरांत भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण किया जाएगा।

समारोह के अंतिम दिन 26 जून को विशेष पूजन के बाद दोपहर में विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। मंदिर समिति के अध्यक्ष अमित कुमार सिन्हा ने बताया कि भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं के लिए व्यापक स्तर पर भोजन एवं अन्य व्यवस्थाएं की जा रही हैं ताकि सभी भक्त प्रसाद ग्रहण कर सकें।

बैठक में बलजीत सिंह बेदी, मोज कुमार मंडल, राजेश प्रसाद, टिकेश्वर प्रसाद, विनोद साहू, अजीत सोनी, दीपक साव, बसंत कुशवाहा, अनिल साव, अजीत जायसवाल, सोनी कुमारी, गौतम कुमार, उमेश कुमार, अधिवक्ता आनंद सिन्हा सहित बड़ी संख्या में साईं भक्त उपस्थित थे।

---------------

   

सम्बंधित खबर