संघ ने एम्बुलेंस सेवा की अनियमितताओं पर कार्रवाई का किया स्वागत

रांची, 17 जून (हि.स.)। झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ ने 108 एम्बुलेंस सेवा के संचालन में पाई गई अनियमितताओं और सरकारी शर्तों के उल्लंघन के मामलों में वर्तमान सेवा प्रदाता संस्था सम्मान फाउंडेशन के एकरारनामा समाप्त करने की कार्रवाई का स्वागत किया है।

संघ ने इस निर्णय के लिए बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी, अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, एनएचएम के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।

संघ के प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी ने कहा कि राज्य में 108 एम्बुलेंस सेवा कई समस्याओं से जूझ रही है। कई एम्बुलेंस तकनीकी खराबी के कारण बंद पड़ी हैं, जबकि डीजल की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने से सेवा प्रभावित हो रही है। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों का अप्रैल 2026 से वेतन लंबित है और उपस्थिति में मनमानी कटौती की शिकायतें भी सामने आ रही हैं, जिससे कर्मियों को आर्थिक और मानसिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

संघ ने सरकार से मांग की है कि नई सेवा प्रदाता संस्था के चयन से पहले उसके वित्तीय रिकॉर्ड, कार्य अनुभव, श्रम कानूनों के अनुपालन और अन्य राज्यों में प्रदर्शन की गहन जांच की जाए। साथ ही वर्षों से कार्यरत स्थानीय और अनुभवी कर्मचारियों को सेवा निरंतरता में प्राथमिकता दी जाए।

संघ ने कहा कि 108 एम्बुलेंस सेवा आम जनता के लिए जीवनरक्षक व्यवस्था है। इसलिए राज्य सरकार जल्द सक्षम और पारदर्शी नई एजेंसी का चयन कर सेवा को सुचारू और प्रभावी बनाए, ताकि मरीजों को समय पर आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

---------------

   

सम्बंधित खबर