फंड ट्रांसफर करने में बरतें सतर्कता, लाभुकों के खातों का करें सत्यापन : डीसी

रांची, 13 मई (हि.स.)। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय स्थित सभागार में कोषागार से संबंधित बैठक आयोजित की गयी। बैठक में कोषागार कार्यों की पारदर्शिता, भुगतान प्रक्रिया की शुद्धता और वित्तीय अनुशासन को लेकर समीक्षा की गयी।

मौके पर उपायुक्त ने कहा कि कोषागार से संबंधित फंड ट्रांसफर करने में पूरी तरह से सतर्कता बरतें। खास तौर पर लाभुकों के खातों की सत्यारपन सुनिश्चित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करें। संदेह होने पर उसपर कार्रवाई की जाएगी। भजन्त्री ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में बिना अकाउंट डिटेल का पूर्ण सत्यापन किये भुगतान नहीं किया जाए। सभी विभाग भुगतान प्रक्रिया के दौरान लाभुकों एवं संबंधित खातों की जानकारी का बहुस्तरीय सत्यापन सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि सरकारी राशि उपयोग में किसी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि स्वीकार नहीं की जाएगी। फंड ट्रांसफर के प्रत्येक चरण में निर्धारित प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन करें। भुगतान से पूर्व सभी जरूरी दस्तावेज और बैंक विवरणों का मिलान अनिवार्य रूप से करें। बैठक में कोषागार प्रणाली को और अधिक पारदर्शी, सुरक्षित एवं जवाबदेह बनाने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गयी। भजन्त्री ने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग, आंतरिक जांच व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा किसी भी संदिग्ध वित्तीय गतिविधि की सूचना तत्काल वरीय अधिकारियों को देने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने चेतावनी देते कहा कि सरकारी धन के दुरुपयोग के मामलों में जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में परियोजना निदेशक आईटीडीए सह प्रभारी उपविकास आयुक्त, रांची संजय भगत, निदेशक डीआरडीए सुदर्शन मुर्मू, जिला कोषागार पदाधिकारी सारिका भगत सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

---------------

   

सम्बंधित खबर