मासिक धर्म मातृत्व और जीवन की नींव : उपायुक्त

कार्यक्रम में शामिल लोग

रामगढ़, 03 जून (हि.स.)। रामगढ़ समाहरणालय सभागार में बुधवार को उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में ‘चुप्पी तोड़ो अभियान’ के तहत विशेष कार्यशाला सह शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मासिक धर्म से जुड़े सामाजिक संकोच और भ्रांतियों को दूर कर महिलाओं एवं किशोरियों में स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि मासिक धर्म कोई बीमारी या शर्म का विषय नहीं है, बल्कि यह मातृत्व और जीवन की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि ‘चुप्पी तोड़ो अभियान’ का मूल उद्देश्य उस सामाजिक चुप्पी को समाप्त करना है, जो महिलाओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालती है। उन्होंने कहा कि जब सहिया, सेविका और स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर इस विषय पर खुलकर संवाद करेंगी, तभी समाज में सकारात्मक बदलाव आएगा और परिवार स्वास्थ्य के प्रति अधिक जागरूक बनेंगे।

उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल ने ग्रामीण क्षेत्रों में मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और स्वास्थ्य एक-दूसरे के पूरक हैं तथा ग्रामीण स्तर पर सैनिटरी पैड की उपलब्धता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी सेविकाएं, सहिया और अन्य ग्राउंड वर्कर्स समाज में जागरूकता फैलाने की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं।

जिला समाज कल्याण पदाधिकारी इंदु प्रभा खलखो ने इस अवसर पर कहा कि एक महिला का स्वास्थ्य पूरे परिवार की मजबूती का आधार होता है। लेकिन अक्सर संकोच और जागरूकता की कमी के कारण महिलाएं अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को नजरअंदाज कर देती हैं। ऐसे अभियानों से महिलाओं और किशोरियों को सुरक्षित, स्वस्थ और गरिमामय जीवन जीने के लिए प्रेरणा मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने उपस्थित सहिया, आंगनबाड़ी सेविकाओं और किशोरियों के बीच सांकेतिक रूप से सैनिटरी पैड का वितरण किया। साथ ही सभी प्रतिभागियों ने मासिक धर्म से जुड़ी भ्रांतियों को समाप्त करने तथा समाज में जागरूकता फैलाने की सामूहिक शपथ ली।

उपायुक्त ने एएनएम और जलमित्रों को निर्देश दिया कि वे गांवों में जाकर महिलाओं और किशोरियों को सैनिटरी पैड के सही उपयोग, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा इस्तेमाल के बाद उसके सुरक्षित निपटान के बारे में जानकारी दें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य और स्वच्छता संबंधी जानकारी को जन-जन तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी इंदु प्रभा खलखो, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता सुरेंद्र कुमार दिनकर सहित जिले के विभिन्न प्रखंडों से आईं जल सहियाएं, आंगनबाड़ी सेविकाएं, सहायिकाएं, एएनएम, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में महिलाएं एवं किशोरियां उपस्थित थीं।-------------

   

सम्बंधित खबर