रांची में ब्राउन शुगर तस्करी का भंडाफोड़, मां-बेटे समेत तीन गिरफ्तार

रांची, 01 जून (हि.स.)। रांची पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए सुखदेवनगर थाना क्षेत्र से मां-बेटे समेत तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 16.43 ग्राम ब्राउन शुगर की कुल 159 पुड़िया, तीन स्मार्टफोन और 7,320 रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपितों में अनिकेत अग्रवाल, कुसुम चौबे और अंकुश चौबे शामिल हैं।

वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन ने सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को 31 मई को सूचना मिली थी कि सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के विद्यानगर स्थित करम चौक इलाके में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए उसका सत्यापन कराया गया और हटिया पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर छापेमारी की गई।

पुलिस टीम जब रोड नंबर-06, विद्यानगर स्थित करम चौक क्षेत्र में पहुंची तो वहां मौजूद एक युवक पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान 23 वर्षीय अनिकेत अग्रवाल के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास से ब्राउन शुगर की 20 पुड़िया बरामद की गईं, जिनका कुल वजन 2.05 ग्राम पाया गया।

अनिकेत से पूछताछ के बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर उसी इलाके में रहने वाली कुसुम चौबे और उनके पुत्र अंकुश चौबे के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान कुसुम चौबे के पास से 49 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसका वजन 4.94 ग्राम था। वहीं अंकुश चौबे के पास से 45 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई, जिसका वजन 4.65 ग्राम पाया गया।

पुलिस ने घर की गहन तलाशी के दौरान एक अलमारी में रखे भूरे रंग के पर्स से भी 45 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की। इन पुड़ियों का कुल वजन 4.79 ग्राम था। इस प्रकार पुलिस ने कुल 159 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की, जिसका कुल वजन 16.43 ग्राम है।

एसएसपी राकेश रंजन ने बताया कि पूछताछ के दौरान तीनों आरोपितों ने बरामद पदार्थ को ब्राउन शुगर स्वीकार किया और इसकी बिक्री में संलिप्त होने की बात भी मानी। इसके बाद सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर सुखदेवनगर थाना लाया गया और उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने आरोपितों के पास से तीन स्मार्टफोन और 7,320 रुपये नकद भी जब्त किए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपित अंकुश चौबे का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पूर्व में आर्म्स एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है।

एसएसपी ने कहा कि रांची पुलिस नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है और ऐसे अवैध धंधों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि यदि कहीं मादक पदार्थों की तस्करी या बिक्री की सूचना मिले तो इसकी जानकारी पुलिस को दें।

पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है तथा यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद ब्राउन शुगर की आपूर्ति कहां से की जा रही थी और इसके नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

छापेमारी अभियान में पुलिस उपाधीक्षक नीरज कुमार, अरगोड़ा थाना प्रभारी अनिल तिवारी, सुखदेवनगर थाना प्रभारी सुनील कुमार कुशवाहा सहित कई पुलिस अधिकारी और जवान शामिल थे। ------------

   

सम्बंधित खबर