रांची, 11 जून (हि.स.)। सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ एडवांस्ड कंप्यूटिंग (सी-डैक), पटना और सरला बिरला विश्वविद्यालय (एसबीयू) के बीच आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी, एडवांस्ड और क्वांटम कंप्यूटिंग जैसे अत्याधुनिक तकनीकी क्षेत्रों में सहयोग को लेकर सहमति बनी है। इस संबंध में गुरुवार को विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित बैठक में कुलपति प्रो सी जगनाथन, कुलसचिव प्रो श्रीधर डांडिन और सी-डैक के सेंटर हेड अभिनव दीक्षित और साकेत कुमार झा ने चर्चा की।
बैठक के दौरान दोनों संस्थानों ने तकनीकी शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए संयुक्त पहल पर सहमति व्यक्त की। इस सहयोग के तहत विद्यार्थियों को उन्नत तकनीकों में प्रशिक्षण, अनुसंधान परियोजनाओं और कौशल विकास के नए अवसर उपलब्ध होंगे। साथ ही सी-डैक के विभिन्न केंद्रों के माध्यम से छात्रों को व्यावहारिक प्रशिक्षण और उद्योगोन्मुखी अनुभव भी प्रदान किया जाएगा।
विश्वविद्यालय प्रबंधन ने इस पहल को विद्यार्थियों के भविष्य और संस्थान के शैक्षणिक विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान, महानिदेशक प्रो गोपाल पाठक और राज्यसभा सांसद सह निदेशक (प्लानिंग एंड डेवलपमेंट) डॉ प्रदीप कुमार वर्मा ने विश्वास जताया कि यह साझेदारी तकनीकी शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगी और छात्रों की रोजगार क्षमता को सुदृढ़ बनाएगी।
---------------

