कांग्रेस पार्टी का संवाद सह बीएलए-2 प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन
- DSS Admin
- May 10, 2026
देवघर, 10 मई (हि.स.)।
मधुपुर शहर स्थित राजबाड़ी होटल के सभागार में नगर और प्रखंड कांग्रेस कमिटी की ओर से संवाद सह बीएलए-2 प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मधुपुर प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष उमेश रजक ने की। इसमें मधुपुर शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के विभिन्न बूथों से आए बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) ने भाग लिया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रतिनिधि संतोष राय ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से संबंधित विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन करने और संभावित अनियमितताओं की पहचान करने के बारे में प्रशिक्षित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रहे और कोई भी मतदाता अपने संवैधानिक अधिकार से वंचित न हो।
मौके पर पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने कहा कि भाजपा विशेष गहन पुनरीक्षण के नाम पर लोगों को मतदान के अधिकार से वंचित करना चाहती है। उन्होंने कार्यकर्ता और बीएलए-2 साथियों से सतर्क रहने और इस प्रक्रिया पर पैनी नजर रखने का आह्वान किया। देवघर जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र दास ने कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पार्टी का संकल्प है कि कोई भी पात्र मतदाता अपने अधिकार से वंचित न रहे।
इस अवसर पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी की महासचिव शबाना खातून, अशोक वर्मा, फ़ैयाज कैसर, नगर अध्यक्ष सैफ़ अहमद, मीडिया प्रभारी गोल्डी खान, प्रदेश कोऑर्डिनेटर अवधेश प्रजापति, दिनेशानंद झा, अशोक सिंह, राजा, राजीव कुमार, इमरान अशर्फी, अभिनव जैकब, शहज़ाद खान, सूरज कुमार साव, राहुल सिंह, गणेश यादव सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
---------------

