श्रावणी मेले काे लेकर रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा और क्राउड मैनेजमेंट की उपायुक्त ने की समीक्षा

देवघर, 27 जून (हि.स.)। आगामी श्रावणी मेला को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से शनिवार को उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जसीडीह जंक्शन, देवघर और बैद्यनाथधाम रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं की सुविधा, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैैठक में उपायुक्त ने रेलवे और जिला प्रशासन के अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर प्रभावी क्राउड मैनेजमेंट प्लान तैयार करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी स्थिति में भगदड़ जैसी घटना न हो, इसके लिए अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की जाए और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से 24 घंटे निगरानी रखी जाए।

बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए टिकट काउंटरों की संख्या बढ़ाने, रेलवे के सहयोग से अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें चलाने, स्टेशनों पर पर्याप्त शेड, निर्बाध बिजली, स्वच्छ पेयजल एवं शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिया गया। साथ ही सभी प्रमुख स्टेशनों पर 24 घंटे संचालित मेडिकल कैंप स्थापित करने और चिकित्सकों एवं आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। बाहरी राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन के लिए सूचना-सह-सहायता केंद्रों को पूरी तरह सक्रिय रखने का भी निर्देश दिया गया।

समीक्षा बैठक के अंत में उपायुक्त ने सभी विभागों और कार्यदायी एजेंसियों को मेला शुरू होने से पहले सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने का निर्देश देते हुए कहा कि देवघर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसे सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, आसनसोल मंडल के रेलवे अधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी, विभिन्न रेलवे स्टेशनों के स्टेशन प्रबंधक, आरपीएफ, रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

---------------

   

सम्बंधित खबर