आयुष्मान भारत योजना में बरती लापरवाही तो अस्पताल का रजिस्ट्रेशन होगा रद्द : डीसी
- DSS Admin
- Jun 19, 2026
रामगढ़, 19 जून (हि.स.)। रामगढ़ जिले में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन को लेकर प्रशासन काफी गंभीर है। डीसी ऋतुराज ने शुक्रवार को योजना की समीक्षा की तो अपना स्टैंड भी क्लियर कर दिया। उन्होंने कहा कि इस योजना में लापरवाही बरतने वाले अस्पताल प्रबंधन का रजिस्ट्रेशन तत्काल रद्द कर दिया जाएगा।
समीक्षा बैठक में प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. स्वराज, नोडल पदाधिकारी डॉ. उदय शंकर श्रीवास्तव, आरसी-आईईसी सुनील कुमार मधुकर, डीडीएम रश्मि आनंद, डीपीसी आयुष्मान भारत डॉ. प्रभाष, सभी प्रखंडों के चिकित्सा पदाधिकारी, बीपीएम, बीडीएम एवं निजी अस्पतालों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
बैठक में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के अंतर्गत अस्पतालों में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, एबीएचए आईडी के उपयोग तथा एचएमआईएस से रिकॉर्ड लिंकअप की प्रगति की समीक्षा की गई।
डीसी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी निजी अस्पताल अपने मरीजों के रिकॉर्ड को एचएमआईएस से लिंक करें तथा प्रत्येक अस्पताल में आभा आईडी काउंटर की व्यवस्था अनिवार्य रूप से करें। उन्होंने कहा कि यदि कोई अस्पताल बिना आभा आईडी के किसी मरीज का एडमिशन करता है तो इसे आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के नियमों का उल्लंघन माना जाएगा।
बैठक में बताया गया कि नियमों का अनुपालन नहीं करने वाले अथवा बिना आभा आईडी के मरीजों को भर्ती करने वाले अस्पतालों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उनका पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) रद्द किया जा सकता है। साथ ही क्लिनिकल एस्टैब्लिशमेंट के निर्धारित मानकों में कम स्कोर प्राप्त करने वाले अस्पतालों का पंजीकरण भी निरस्त किया जाएगा।
डीसी ने सभी अस्पताल प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि वे बैठक के बाद अपने-अपने संस्थानों में आंतरिक बैठक आयोजित कर सभी संबंधित कर्मियों को इन निर्देशों से अवगत कराएं। इसके साथ ही बैठक की कार्यवाही साझा करने का भी निर्देश दिया गया।
---------------

