डीसी ने नई शिक्षा नीति के तहत संचालित प्रोजेक्ट इंपैक्ट का लिया जायजा
- DSS Admin
- Jun 23, 2026

रामगढ़, 23 जून (हि.स.)। जिले में शिक्षा का स्तर बेहतर हो इसके लिए डीसी ऋतुराज खुद मॉनिटरिंग कर रहे हैं। जिले में आते ही उन्होंने सरकारी विद्यालयों का हाल जाना था। 100 विद्यालयों का चयन उन्होंने कर रखा है। दुलमी प्रखंड के हाई स्कूल चटाक के बाद मंगलवार को डीसी ऋतुराज रामगढ़ के गांधी स्मारक प्लस टू मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने नई शिक्षा नीति के तहत संचालित प्रोजेक्ट इंपैक्ट विशेष पखवाड़े के कार्यों का जायजा लिया। साथ ही शिक्षा, स्वच्छता एवं खेल गतिविधियों को और सुदृढ़ करने की बात कही।
डीसी ने विद्यालय परिसर में स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया। इसके बाद उन्होंने प्रोजेक्ट इंपैक्ट के तहत चलाए जा रहे स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण अभियान के अंतर्गत विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। विद्यालय परिसर का भ्रमण करते हुए साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय के शौचालयों, कक्षाओं, खेल मैदान और अन्य परिसरों की स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विद्यालय परिसर में पेयजल की बेहतर व्यवस्था के लिए डीप बोरिंग करने का निर्देश अधिकारियों को डीसी ने दिया। प्रोजेक्ट इंपैक्ट के तहत आयोजित की जाने वाली रचनात्मक और नवाचार आधारित गतिविधियों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने विद्यालय में पेंटिंग, निबंध, वाद-विवाद, क्विज एवं अन्य शैक्षणिक तथा सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के आयोजन पर विशेष बल दिया।
डीसी ने विद्यार्थियों से बात कर उनकी पढ़ाई, विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं, शिक्षण व्यवस्था सहित अन्य आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों से बातचीत के दौरान उन्होंने नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं लक्ष्य आधारित तैयारी पर जोर दिया। डीसी ने शिक्षकों को निर्देश दिया कि निर्धारित समयावधि के भीतर सभी विषयों का पाठ्यक्रम पूर्ण कराया जाए।
डीसी ने विद्यालय के सभी शिक्षकों के साथ बैठक कर विद्यालय के शैक्षणिक स्तर को और बेहतर बनाने, विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने और नई शिक्षा नीति के उद्देश्यों को प्रभावी रूप से लागू करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
---------------

