रांची, 28 जून (हि.स.)। रांची जिले के सोनाहातू थाना क्षेत्र के खूंटी वन प्रमंडल में रविवार को आकाशीय बिजली गिरने से फॉरेस्ट गार्ड रोशन श्रीवास्तव की मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद दो अन्य वनकर्मी घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार वन विभाग की टीम काला महादेव के समीप हाथियों की गतिविधियों पर निगरानी और बचाव के लिए बनाए जा रहे वॉच टावर का निरीक्षण करने पहुंची थी। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिर गई।
आकाशीय बिजली की चपेट में आने से फॉरेस्ट गार्ड रोशन श्रीवास्तव गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके साथ मौजूद दो अन्य वनकर्मी भी झुलस गए। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को सोनाहातू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
इलाज के बाद रोशन श्रीवास्तव की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर किया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, घायल दोनों वनकर्मियों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना के बाद वन विभाग और स्थानीय प्रशासन में शोक का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम और आकाशीय बिजली गिरने के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की है।
---------------

