फोटो जर्नलिस्टों के मैत्री क्रिकेट मैच में फॉक्स-11 की शानदार जीत,रूपेश नारायण बने 'मैन ऑफ द मैच'

रांची, 28 जून (हि.स.)। झारखंड के फोटो जर्नलिस्टों के बीच रविवार को बरियातू स्थित बुद्धा फाउंडेशन परिसर के मैदान में मैत्री क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। 11-11 ओवर के इस रोमांचक मुकाबले में लैंसमैन-11 और फॉक्स-11 की टीमों ने खेल भावना, आपसी सौहार्द और उत्साह का शानदार परिचय दिया। मुकाबले में फॉक्स-11 ने सात विकेट से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लैंसमैन-11 की टीम ने निर्धारित 11 ओवर में 102 रन बनाए। टीम के कप्तान मनोरंजन कुमार सिंह ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सर्वाधिक 45 रन बनाए और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। अमित दास ने 17 रन का योगदान दिया, जबकि अन्य बल्लेबाजों ने भी उपयोगी पारियां खेलकर टीम के स्कोर को मजबूती प्रदान की।

103 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी फॉक्स-11 की टीम ने आक्रामक शुरुआत की और 10.3 ओवर में केवल तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की जीत के नायक रूपेश नारायण रहे, जिन्होंने नाबाद 48 रन की शानदार पारी खेलते हुए अपनी टीम को सात विकेट से यादगार जीत दिलाई। उनकी संयमित और आक्रामक बल्लेबाजी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।

मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण में खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए खेल भावना और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।

प्रतियोगिता के समापन पर खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। रूपेश नारायण को उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए 'मैन ऑफ द मैच' चुना गया। लैंसमैन-11 के कप्तान मनोरंजन कुमार सिंह को 'बेस्ट बल्लेबाज', राजकुमार को 'बेस्ट गेंदबाज' तथा बॉबी को 'बेस्ट फील्डर' के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर कांग्रेस नेता अजय नाथ शाहदेव, रांची नगर निगम की मेयर रौशनी खलखो, वरिष्ठ फोटो जर्नलिस्ट, खेल प्रेमी तथा बड़ी संख्या में अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए इस तरह के मैत्रीपूर्ण आयोजनों को आपसी सहयोग, सौहार्द और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने वाला बताया।---------------

   

सम्बंधित खबर