आर्थिक स्थिरता के लिए सभी दल करें सहयोग, सरकार स्पष्ट करे रणनीति: राजद
- DSS Admin
- May 12, 2026
रांची, 12 मई (हि.स.)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के झारखंड प्रदेश प्रवक्ता कैलाश यादव ने मंगलवार को देश की आर्थिक स्थिति और हाल के सार्वजनिक संदेशों को लेकर केंद्र सरकार से स्पष्ट रणनीति पेश करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि महंगाई, ईंधन बचत, ऑनलाइन शिक्षा और अनावश्यक खर्चों में कटौती जैसे विषयों पर चल रही चर्चाओं से आम लोगों के बीच आर्थिक हालात को लेकर चिंता बढ़ी है। ऐसे में सरकार को अपनी नीति और दिशा स्पष्ट करनी चाहिए।
प्रदेश प्रवक्ता ने लिखित बयान जारी कर कहा कि सरकार को जनता के बीच भरोसा बनाए रखते हुए आर्थिक चुनौतियों से निपटने के लिए ठोस और पारदर्शी कदम उठाने चाहिए। किसानों, मध्यम वर्ग, युवाओं और छोटे व्यवसायियों के हितों को ध्यान में रखते हुए राहतकारी नीतियों पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों और अंतरराष्ट्रीय तनाव का असर देश की अर्थव्यवस्था पर पड़ सकता है, इसलिए समय रहते तैयारी और समन्वय आवश्यक है। साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की कि आर्थिक मामलों पर स्पष्ट जानकारी साझा की जाए, ताकि जनता के बीच किसी तरह का भ्रम न बने।
कैलाश यादव ने यह भी कहा कि देशहित में सभी राजनीतिक दलों को मिलकर आर्थिक स्थिरता और जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक सहयोग करना चाहिए।

