लंबित वेतन भुगतान को लेकर स्वास्थ्यकर्मियों ने किया प्रदर्शन
- DSS Admin
- Jun 16, 2026
देवघर, 16 जून (हि.स.)। झारखंड चिकित्सा और जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष मनोज कुमार मिश्र ने सिविल सर्जन को पत्र लिखकर विभिन्न मदों में कार्यरत सैकड़ों कर्मचारियों के मार्च 2026 से लंबित वेतन, मानदेय और पारिश्रमिक के अविलंब भुगतान की मांग की है। साथ ही राज्य शाखा के निर्देश पर 19 जून को सांकेतिक धरना-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया है।
संघ ने बताया कि पूर्व में इस संबंध में आवेदन देकर 19 मई को एक दिवसीय हड़ताल की घोषणा की गई थी। हालांकि सिविल सर्जन की ओर से भुगतान प्रक्रिया शुरू करने और जल्द भुगतान का आश्वासन देने के बाद हड़ताल को स्थगित कर दिया गया था। लेकिन एक माह बीत जाने के बावजूद भुगतान नहीं होने से सैकड़ों कर्मचारी आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं और कई परिवार भुखमरी के कगार पर पहुंच गए हैं।
संघ की प्रमुख मांगों में 2211 परिवार कल्याण शीर्ष के अंतर्गत कार्यरत दर्जनों कर्मचारियों के मार्च माह से लंबित वेतन का भुगतान, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के सैकड़ों कर्मियों के लंबित मानदेय का भुगतान और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के चार से पांच माह से बकाया पारिश्रमिक का भुगतान शामिल है।
इसके अलावा बॉन्ड सेवा के तहत कार्यरत कर्मचारियों के लंबित मानदेय का भुगतान, एनएचएम के सभी अनुबंध कर्मियों को वर्ष 2025-26 के एप्रेजल के आधार पर वार्षिक मानदेय वृद्धि देने और रक्त केंद्र देवघर के सफाईकर्मी का अक्टूबर 2025 से लंबित पारिश्रमिक भुगतान करने की मांग भी उठाई गई है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि लंबित भुगतान को लेकर जल्द ठोस पहल नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। स्वास्थ्यकर्मियों का कहना है कि लगातार लंबित भुगतान के कारण उनके समक्ष परिवार चलाने का संकट उत्पन्न हो गया है।
---------------

