हूल दिवस पर अमर शहीद सिदो-कान्हू को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
- DSS Admin
- Jun 30, 2026
देवघर, 30 जून (हि.स.)। हूल दिवस के अवसर पर मंगलवार को बगदाहा चौक स्थित अमर वीर शहीद सिदो-कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो, दुमका विधायक बसंत सोरेन, दुमका सांसद नलिन सोरेन,सारठ विधायक उदय शंकर सिंह, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष शशांक शेखर भोक्ता, वरिष्ठ नेता नरसिंह मुर्मू सहित कई जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद सारठ विधायक उदय शंकर सिंह ने कहा कि हूल दिवस झारखंड के इतिहास में अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ हुए महान जनविद्रोह और आदिवासी स्वाभिमान की अमर गाथा की याद दिलाता है।
उन्होंने कहा कि संथाल हूल के महानायक अमर शहीद सिदो-कान्हू, चांद-भैरव सहित अनेक वीरों ने जल, जंगल, जमीन तथा महाजनों के शोषण और अत्याचार के विरुद्ध संघर्ष करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।
उन्होंने कहा कि इन महान सपूतों के साथ हजारों आदिवासी वीरों ने अपनी परंपरा, संस्कृति और मातृभूमि की रक्षा के लिए शहादत दी। उनकी वीरता और बलिदान को इतिहास में उचित स्थान मिलना चाहिए तथा आने वाली पीढ़ियों को उनके संघर्ष और त्याग से प्रेरणा लेनी चाहिए।
---------------

