रांची, 21 मई (हि.स.)। राजधानी रांची सहित पूरे राज्य भर में इन दिनों मौसम आग उगल रहा है। स्थिति यह है कि राज्य के 11 जिलों में अधिकतम तापमान बढ़कर 40 डिग्री या उससे अधिक पहुंच गया है।
राज्य के जिन जिलों में तापमान 40 डिग्री है उससे अधिक रिकॉर्ड किया गया है उनमें गढ़वा 44 डिग्री,चतरा में 44 डिग्री, डाल्टनगंज 43.4 डिग्री, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में 42, सरायकेला में 42 डिग्री, गुमला, रामगढ़ और बोकारो में 40 डिग्री, गिरिडीह में 40 डिग्री और सिमडेगा में 40 डिग्री शामिल है।
23 और 24 को ऑरेंज अलर्ट
इधर, मौसम विभाग ने 23 और 24 मई को राज्य के उत्तर पूर्वी और मध्यवर्ती जिलों में बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना व्यक्त की है। साथ ही इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की भी संभावना है। इसे लेकर विभाग की ओर से ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इस दौरान राज्य में सबसे अधिक बारिश धनबाद जिले के पंचेत में 10.2 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा राज्य के जिन अन्य इलाकों में बारिश से रिकॉर्ड की गई इसमें मैथन,सिकटिया,महेशपुर और गोविंदपुर शामिल हैं। गुरुवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ रहा लेकिन दोपहर बाद आंशिक रूप से बादल छाए रहे। इससे लोगों को प्रचंड गर्मी से थोड़ी राहत मिली।
गुरुवार को रांची में अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री और न्यूनतम 25.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 41.8 डिग्री और न्यूनतम 28.5 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 43.4 और न्यूनतम 27.8 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 41.2 डिग्री और न्यूनतम 26.1 डिग्री एवं चाईबासा में अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
---------------

