केवल ट्रांसफर से नहीं सुधरेगी कानून-व्यवस्था, पुलिस बल को मजबूत करना होगा: राहुल मुर्मू

रांची, 03 जुलाई (हि.स.)। झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने राज्य में हालिया प्रशासनिक फेरबदल के बीच कानून-व्यवस्था को लेकर अपनी चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि केवल अधिकारियों के तबादले से अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव नहीं है। एसोसिएशन का मानना है कि पुलिस व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सरकार को संसाधनों, मानवबल और आधारभूत सुविधाओं पर दीर्घकालिक निवेश करना होगा।

झारखंड पुलिस एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष राहुल कुमार मुर्मू ने जमशेदपुर और सरायकेला के वरीय पुलिस अधिकारियों के हालिया तबादलों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ट्रांसफर-पोस्टिंग शासन और पुलिस प्रशासन की एक नियमित तथा सतत प्रक्रिया है। एसोसिएशन को इस प्रक्रिया पर कभी कोई आपत्ति नहीं रही है, लेकिन अपराध और कानून-व्यवस्था जैसी गंभीर चुनौतियों का समाधान केवल अधिकारियों के स्थानांतरण से नहीं निकाला जा सकता।

शुक्रवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में राहुल कुमार मुर्मू ने कहा कि झारखंड पुलिस लंबे समय से सीमित संसाधनों और अपेक्षाकृत कम संख्या बल के साथ कठिन परिस्थितियों में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रही है। ऐसे में सरकार को केवल प्रशासनिक बदलाव तक सीमित रहने के बजाय पुलिस बल की बुनियादी जरूरतों पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि राज्य में बढ़ती चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ाना, उन्हें आधुनिक उपकरण और तकनीकी संसाधन उपलब्ध कराना तथा कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना समय की मांग है।

प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य सरकार से आग्रह किया कि अपराधियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही ऐसी दीर्घकालिक नीति तैयार की जाए, जिससे पुलिस व्यवस्था और अधिक मजबूत एवं सक्षम बन सके। उन्होंने कहा कि जब तक पुलिस बल को पर्याप्त संसाधन, आधुनिक तकनीक और आवश्यक मानवबल उपलब्ध नहीं कराया जाएगा, तब तक कानून-व्यवस्था को स्थायी रूप से सुदृढ़ करना चुनौतीपूर्ण बना रहेगा।

राहुल कुमार मुर्मू ने कहा कि राज्य सरकार को पुलिस व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण के लिए व्यापक और दीर्घकालिक रणनीति अपनानी चाहिए। उनका मानना है कि मजबूत पुलिस तंत्र ही अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित कर सकता है और ऐसा वातावरण बना सकता है, जहां कोई भी अपराधी कानून को हाथ में लेने का साहस न कर सके।

---------------

   

सम्बंधित खबर