प्यार बांटते चलो अभियान के तहत जरूरतमंदों के बीच बांटा गया भोजन
- DSS Admin
- May 17, 2026
रांची, 17 मई (हि.स.)। मारवाड़ी युवा मंच रांची समर्पण शाखा की ओर से रविवार को प्यार बांटते चलो अभियान के तहत अन्नपूर्णा सेवा कार्यक्रम का आयोजन हरमू रोड स्थित गौशाला परिसर में किया गया। शाखा अध्यक्षा शुभा अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित इस सेवा कार्य में जरूरतमंदों के बीच भोजन का वितरण किया गया।
इस अवसर पर शाखा अध्यक्षा शुभा अग्रवाल ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक भोजन पहुंचाकर समाजसेवा और मानवता का संदेश देना है। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्ग की सहायता करना हर व्यक्ति की नैतिक जिम्मेदारी है तथा मंच आगे भी इसी तरह के सेवा कार्य करता रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान शाखा की सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई और पूरे उत्साह के साथ भोजन वितरण कार्यक्रम को सफल बनाया। मीडिया प्रभारी वेदिका सिंघानिया ने बताया कि अन्नपूर्णा सेवा के दूसरे माह के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन साखी सोनम अग्रवाल के सौजन्य से किया गया।
उन्होंने कहा कि प्यार बांटते चलो अभियान के माध्यम से मंच लगातार जनसेवा के कार्य कर रहा है और आगे भी नियमित रूप से जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जरूरतमंद लोगों ने भोजन ग्रहण किया। उपस्थित लोगों ने मंच की इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाजहित में प्रेरणादायक कदम बताया। इस मौके पर शाखा की कई सदस्याएं एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।
---------------

