देवघर के समग्र विकास और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार को लेकर महापौर की पर्यटन निदेशक से चर्चा
- DSS Admin
- Jun 18, 2026
देवघर, 18 जून (हि.स.)। देवघर नगर निगम के महापौर रवि राउत ने गुरुवार को झारखंड के पर्यटन निदेशक नमन प्रियेश लकड़ा से मुलाकात कर शहर के समग्र विकास और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की।
बैठक के दौरान देवघर के शहरी क्षेत्रों के कायाकल्प, श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों के लिए बेहतर सुविधाओं के विकास तथा शहर को अधिक आकर्षक स्वरूप देने से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।
विशेष रूप से बैठक में नए और आधुनिक पार्कों के निर्माण, प्रमुख चौक-चौराहों के सौंदर्यीकरण तथा प्रमुख पर्यटन स्थलों को आकर्षक रूप देने जैसे प्रस्तावों पर चर्चा हुई।
महापौर रवि राउत ने जिला पर्यटन समिति के माध्यम से भेजे गए विकास प्रस्तावों को शीघ्र प्रशासनिक स्वीकृति देने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि देवघर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण है।
उन्होंने जानकारी दी कि 23 जून को आयोजित होने वाली राज्यस्तरीय पर्यटन समिति की बैठक में इन सभी प्रस्तावों पर अंतिम चर्चा और स्वीकृति की संभावना है। महापौर ने उम्मीद जताई कि प्रस्तावों को मंजूरी मिलने के बाद देवघर के पर्यटन और शहरी विकास को नई गति मिलेगी।
-----------

