आठ साल पुरानी या डेढ़ लाख किमी चली एंबुलेंस होगी कंडम, मिला निर्देश
- DSS Admin
- Jun 09, 2026
रांची, 09 जून (हि.स.)। राज्य के सरकारी अस्पतालों में आठ वर्ष से अधिक पुराने या फिर 1.5 लाख किलोमीटर से अधिक चल चुके एंबुलेंसों को कंडम घोषित कर उनकी नीलामी की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके साथ ही मरीजों को बेहतर आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए नए एंबुलेंस की खरीद का प्रस्ताव तैयार किया जाएगा।
स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने मंगलवार को इस संबंध में सभी सिविल सर्जनों एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को पत्र जारी करते हुए निर्देश दिया है।
जारी निर्देश में उन्होंने कहा है कि जिलों के अधीन संचालित सभी सरकारी अस्पतालों और चिकित्सालयों में एंबुलेंसों की स्थिति की समीक्षा की जाए तथा अनुपयोगी और जर्जर वाहनों को चिह्नित किया जाए। निर्देश के अनुसार ऐसे एंबुलेंस जो निर्धारित आयु सीमा पार कर चुके हैं या 1.5 लाख किलोमीटर से अधिक चल चुके हैं, उन्हें नियमानुसार कंडम घोषित कर नीलामी की कार्रवाई की जाएगी। सभी सिविल सर्जनों को वाहन संख्या सहित एंबुलेंसों का विस्तृत ब्योरा तैयार कर एक सप्ताह के भीतर निदेशक प्रमुख,स्वास्थ्य सेवाएं को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। निदेशक प्रमुख, स्वास्थ्य सेवाएं सभी जिलों से प्राप्त प्रतिवेदनों को संकलित कर विभाग को समेकित प्रस्ताव भेजेंगे। प्रस्ताव के आधार पर नए एंबुलेंसों की खरीद की स्वीकृति प्रदान की जाएगी।
विभाग का मानना है कि नई एंबुलेंसों के शामिल होने से राज्य में आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता और पहुंच दोनों में सुधार होगा।
---------------

