अंचल कार्यालय में लगे विशेष राजस्व शिविर से लोगों को मिली राहत
- DSS Admin
- Jun 18, 2026
रामगढ़, 18 जून (हि.स.)। डीसी ऋतुराज के निर्देशानुसार जिले के सभी अंचल मुख्यालयों में 18 से 20 जून तक आयोजित विशेष राजस्व शिविर के प्रथम दिन गुरुवार को लंबित दाखिल-खारिज मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए व्यापक अभियान चलाया गया। शिविर में बड़ी संख्या में रैयत एवं आम नागरिक अपने लंबित मामलों के समाधान के लिए पहुंचे, जहां प्राथमिकता के आधार पर मामलों की सुनवाई और निष्पादन किया गया।
शिविर के दौरान 30 दिनों और 90 दिनों से अधिक समय से लंबित आपत्ति सहित एवं आपत्ति रहित दाखिल-खारिज मामलों की गहन समीक्षा की गई। अंचल अधिकारियों ने राजस्व अभिलेखों के आधार पर मामलों का सत्यापन करते हुए त्वरित सुनवाई की। वहीं आपत्तियुक्त मामलों में संबंधित पक्षों की बात सुनकर आवश्यक कार्रवाई की गई।
विशेष शिविर में प्राप्त नए आवेदनों के साथ-साथ लंबित मामलों का भी प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन किया गया। स्वीकृत दाखिल-खारिज मामलों में शुद्धि पत्र वितरण की प्रक्रिया भी संचालित की गई, जिससे लोगों को राजस्व संबंधी समस्याओं से राहत मिलनी शुरू हो गई है।
डीसी ऋतुराज ने सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया है कि आगामी दो दिनों के शिविर में भी राजस्व मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को त्वरित राहत मिल सके।
जिला प्रशासन के अनुसार विशेष राजस्व शिविर के दूसरे दिन यानी 19 जून को पंजी-2 में सुधार एवं लगान रसीद से संबंधित मामलों का निष्पादन किया जाएगा, जबकि 20 जून को अन्य राजस्व मामलों के समाधान के लिए विशेष सुनवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने जिले के सभी रैयतों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों में अपने संबंधित अंचल मुख्यालय पहुंचकर विशेष राजस्व शिविर का लाभ उठाएं और राजस्व संबंधी लंबित मामलों का समाधान समय पर कराएं।
---------------

