ई-रिक्शा-ऑटो चालकों की मनमानी से देवघर की यातायात व्यवस्था चरमराई : अजय कुमार

देवघर, 18 मई (हि.स.)। संथाल परगना चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सदस्य अजय कुमार ने कहा है कि ई-रिक्शा और ऑटो चालकों की मनमानी के कारण देवघर शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि बेलगाम तरीके से चल रहे ई-रिक्शा और ऑटो शहर में लगातार जाम की समस्या को बढ़ा रहे हैं।

सोमवार को जारी बयान में अजय कुमार ने कहा कि आम नागरिकों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। चालक सड़क के बीचों-बीच कहीं भी सवारी चढ़ाने और उतारने लगते हैं, जबकि कई स्थानों पर वाहन बेतरतीब ढंग से खड़े कर दिए जाते हैं। इससे यातायात व्यवस्था बाधित होती है और शहर की प्रमुख सड़कें घंटों जाम की चपेट में रहती हैं।

उन्होंने कहा कि यातायात नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। बाजार क्षेत्र, प्रमुख चौक-चौराहों और मंदिर मार्गों पर जाम की समस्या अब आम हो चुकी है।

अजय कुमार ने कहा कि जाम के कारण व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी असुविधा का सामना करना पड़ता है, जिससे शहर की छवि पर नकारात्मक असर पड़ रहा है।

उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि ई-रिक्शा और ऑटो चालकों की मनमानी पर तत्काल रोक लगाई जाए। साथ ही यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने, अवैध पार्किंग पर कार्रवाई करने और शहर में सुव्यवस्थित ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।

-------------

   

सम्बंधित खबर