पहली बार डूरंड कप की मेजबानी करेगा रांची, 26 जुलाई से बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में होंगे रोमांचक मुकाबले
- DSS Admin
- Jul 01, 2026
रांची, 01 जुलाई (हि.स.)। झारखंड की राजधानी रांची पहली बार देश के प्रतिष्ठित डूरंड कप-2026 की मेजबानी करेगी। एशिया के सबसे पुराने और दुनिया के तीसरे सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट के 135वें संस्करण के लिए रांची को मेजबान शहर के रूप में चुना गया है। इसे झारखंड के खेल इतिहास और राज्य में फुटबॉल के बढ़ते विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
डूरंड कप-2026 का शुभारंभ 25 जुलाई से होगा, जबकि रांची में मुकाबलों का आयोजन 26 जुलाई से 16 अगस्त तक बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में किया जाएगा। यहां लीग चरण के कई रोमांचक मुकाबलों के साथ एक क्वार्टर फाइनल मैच भी खेला जाएगा, जिससे राज्य के फुटबॉल प्रेमियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की टीमों का खेल देखने का अवसर मिलेगा।
रांची में होने वाले मुकाबलों में इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) की टीम जमशेदपुर एफसी, स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली, भारतीय वायुसेना फुटबॉल टीम तथा पहली बार डूरंड कप में भाग ले रही श्रीलंका सशस्त्र बलों की टीम डिफेंडर्स एफसी सहित कई टीमें अपनी चुनौती पेश करेंगी। इन टीमों की मौजूदगी से प्रतियोगिता का स्तर और प्रतिस्पर्धा दोनों ही आकर्षक रहने की उम्मीद है।
इस वर्ष डूरंड कप में कुल 24 टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता के मुकाबले कोलकाता, रांची, इम्फाल, शिलांग और गुवाहाटी में आयोजित किए जाएंगे। रांची को मेजबानी मिलने से झारखंड में फुटबॉल को नई पहचान मिलने के साथ स्थानीय खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को भी प्रेरणा मिलेगी। साथ ही राज्य में खेल अवसंरचना और खेल पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।
डूरंड कप-2026 का फाइनल मुकाबला 23 अगस्त को कोलकाता के विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन में खेला जाएगा। आयोजकों को उम्मीद है कि रांची में होने वाले मुकाबलों को लेकर खेल प्रेमियों में उत्साह रहेगा और बड़ी संख्या में दर्शक स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करेंगे।
------------

