श्रम कानूनों को लागू करने की मांग को लेकर 14 मई को श्रम कार्यालय का घेराव: भवन सिंह
- DSS Admin
- May 08, 2026
रांची, 08 मई (हि.स.)। रांची नगर निगम के दैनिक कर्मियों और स्वच्छता निगम लिमिटेड के मजदूर 14 मई को डोरंडा स्थित श्रम कार्यालय का घेराव करेंगे। झारखंड नगर निकाय मजदूर यूनियन की ओर से यह प्रदर्शन श्रम कानूनों को लागू कराने और लंबित मांगों के समर्थन में आयोजित किया जा रहा है।
यह जानकारी यूनियन के अध्यक्ष भवन सिंह ने शुक्रवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी। उन्होंने बताया कि 24 सितंबर 2025 को यूनियन और प्रशासन के बीच हुई वार्ता में अपर आयुक्त संजय कुमार ने मजदूरों की विभिन्न मांगों पर सहमति जताई थी, लेकिन अब तक उन पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
यूनियन की प्रमुख मांगों में मातृत्व अवकाश, वार्षिक अवकाश, आकस्मिक अवकाश सहित अन्य वैधानिक छुट्टियों का लाभ देने के साथ-साथ न्यूनतम वेतन 18 हजार रुपये निर्धारित करना शामिल है।
भवन सिंह ने आरोप लगाया कि श्रम विभाग टालमटोल की नीति अपना रहा है और वार्ताओं में विभाग की ओर से प्रतिनिधि भी उपस्थित नहीं हो रहे हैं। इसी के विरोध में श्रम कार्यालय के घेराव का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने सभी मजदूरों से 14 मई को दोपहर दो बजे तक मेकन गेट, डोरंडा पहुंचने की अपील की है। वहां से तीन बजे जुलूस के रूप में श्रम कार्यालय के लिए रवाना हुआ जाएगा। यूनियन ने एमटीएस और नगर निगम के सभी मजदूरों से बड़ी संख्या में प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान किया है।------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

