ड्रग्स रैकेट पर पुलिस का वार, महिला समेत छह गिरफ्तार, मास्टरमाइंड फरार

- छापेमारी में ब्राउन शुगर, गांजा समेत 8.81 लाख नकद बरामद

रांची, 12 मई ( हि.स. )। राजधानी के हिंदपीढ़ी इलाके में चल रहे नशा कारोबार के नेटवर्क को मंगलवार को पुलिस ने ध्वस्त कर दिया। छापेमारी में एक महिला सहित छह आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही ब्राउन शुगर, गांजा, नशीले इंजेक्शन और प्रतिबंधित टैबलेट सहित नकद भी पुलिस के हाथ लगे हैं। वहीं फरार मास्टरमाइंड मुन्ना की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

एएसपी निखिल राय ने बताया कि रांची के हिंदीपीढ़ी थाना क्षेत्र में संगठित रूप से नशे का कारोबार किया जा रहा था। नशा तस्करों के जरिए एजेंट बनकर ब्राउन शुगर और गांजा की बिक्री की जा रही थी। सटीक सूचना मिलने पर चार थानों की पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर नशे के सौदागरों को गिरफ्तार किए है। हालांकि इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड मुन्ना फरार होने में कामयाब हो गया। पुलिस ने मौके से 6.888 ग्राम ब्राउन शुगर, 299.834 ग्राम गांजा, 8 लाख 81 हजार 242 रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन, चार पत्ते नशीली टैबलेट, प्रतिबंधित इंजेक्शन व एक इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन बरामद किए हैं।

टेंट में चलता था ड्रग्स का खेल

जांच में यह भी सामने आया है कि नशे के सौदागरों ने इलाके में अलग-अलग स्पॉट बना रखे थे, जहां प्लास्टिक के टेंट लगाकर ड्रग्स का सेवन कराया जाता था। गिरफ्तार आरोपितों में साहिल उर्फ चरका, मो. एजाज उर्फ बाबू, अवधेश यादव, अनिल कुमार महतो, सरवर अंसारी और महिला शहनाज खातून शामिल है। इस पूरे नेटवर्क से जुड़े कई और नाम सामने आ रहे हैं, सबकी जांच की जा रही है।

---------------

   

सम्बंधित खबर