विश्व जनसंख्या दिवस पर 11 से चलेगा विशेष राज्यव्यापी जागरूकता अभियान
- DSS Admin
- Jul 02, 2026
रांची, 02 जुलाई (हि.स.)।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) झारखंड के परिवार नियोजन कोषांग की ओर से आगामी विश्व जनसंख्या दिवस-2026 के आयोजन को लेकर गुरुवार को आरसीएच सभागार, नामकुम में विकास सहयोगी संस्थाओं के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई।
इसे लेकर विश्व जनसंख्या दिवस पर 11 जुलाई 2026 से राज्यभर में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। बैठक में इसके तहत राज्य और जिला स्तर पर आयोजित होनेवाले कार्यक्रमों की रणनीति तैयार करने और विभिन्न संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय पर चर्चा की गई। इस अवसर पर बैठक की अध्यक्षता करते हुए परिवार नियोजन कोषांग की प्रभारी डॉ पुष्पा ने की।
उन्होंने कहा कि अभियान के तहत परिवार नियोजन सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, रैली, संगोष्ठी, स्वास्थ्य शिविर, परामर्श सत्र, जनजागरूकता कार्यक्रम और प्रचार-प्रसार गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। युवाओं, नवविवाहित दंपत्तियों और समुदाय तक परिवार नियोजन संबंधी सही जानकारी पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य परिवार ही समृद्ध समाज की आधारशिला है। परिवार नियोजन अपनाने से मातृ और शिशु मृत्यु दर में कमी आती है एवं महिलाओं का स्वास्थ्य बेहतर होता है। परिवार के सामाजिक और आर्थिक विकास को गति मिलती है। उन्होंने सभी जिलों से अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।
बैठक में राज्य समन्वयक गुंजन खलखो, नवल किशोर यादव सहित पीएसआई, पीएचएसआई, सूर्या क्लिनिक, वर्ल्ड हेल्थ पार्टनर्स, एफपीएआई, आरएचपीएल समेत विभिन्न सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद थे।
---------------

