आईआईटी में सफल छात्रों का श्री गुरु नानक पब्लिक स्कूल में स्वागत

रामगढ़, 23 जून (हि.स.)। रामगढ़ के श्री गुरु नानक पब्लिक स्कूल के लिए मंगलवार का दिन अत्यंत हर्ष और गौरव का अवसर लेकर आया। विद्यालय के प्रतिभाशाली विद्यार्थी हर्षित उरांव और सचिन कुमार साहू ने प्रतिष्ठित आईआईटी में सफलता प्राप्त कर विद्यालय, अपने अभिभावकों एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में विद्यालय में एक विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार ने हर्षित उरांव और सचिन कुमार साहू को शॉल, स्मृति-चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर विद्यालय के समाचार-पत्र एसजीएनपीएस पिनाकल के प्रथम संस्करण का भी विमोचन किया गया। यह न्यूज़लेटर विद्यार्थियों की रचनात्मक अभिव्यक्ति, साहित्यिक प्रतिभा एवं विद्यालय की विविध गतिविधियों को एक मंच प्रदान करेगा।

मौके पर विद्यालय के प्राचार्य हरजाप सिंह ने दोनों विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उनके अथक परिश्रम एवं लगन का परिणाम है। संकल्प का कोई विकल्प नहीं होता। यदि विद्यार्थी चाह ले तो ऐसा कोई लक्ष्य नहीं, जिसे वह प्राप्त नहीं कर सकता। उन्होंने विद्यालय के सभी विद्यार्थियों को इन छात्रों से प्रेरणा लेने की बात कही।

कार्यक्रम में उपस्थित गुरुद्वारा प्रबंधन समिति और विद्यालय प्रबंधन समिति के सभी सदस्यों, अभिभावकों एवं शिक्षकों ने हर्षित उरांव तथा सचिन कुमार साहू की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के प्रधान परमदीप सिंह कालरा, विद्यालय प्रबंधक समिति के सदस्य सरदार मनमोहन सिंह लांबा, सरदार हरपाल सिंह अरोड़ा, सरदार सुरिंदर पाल सिंह चंडोक, सरदार कुलजीत सिंह कालरा, सरदार वरिंदर सिंह चंडोक, सरदार गुरप्रीत सिंह जॉली सहित अन्य उपस्थित थे।

---------------

   

सम्बंधित खबर