राज्यपाल से सर्जन वाइस एडमिरल आरती सारिन ने की शिष्टाचार भेंट, रांची में विशेष नेत्र चिकित्सा शिविर की दी जानकारी
- DSS Admin
- Jun 16, 2026
रांची, 16 जून (हि.स.)। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मंगलवार को सर्जन वाइस एडमिरल आरती सारिन ने रांची स्थित लोक भवन में शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर आरती सारिन ने राज्यपाल को अवगत कराया कि मुख्यालय पूर्वी कमान एवं मुख्यालय 111 एरिया के तत्वावधान में 15 से 19 जून तक रांची के नामकुम स्थित सैन्य चिकित्सालय में एक विशेष नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
यह शिविर आर्मी हॉस्पिटल (रिसर्च एंड रेफरल), नई दिल्ली की विशेषज्ञ टीम के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। शिविर में भूतपूर्व सैनिकों, उनके आश्रितों, जनजातीय समुदाय के लोगों तथा आम नागरिकों को नेत्र परीक्षण, परामर्श और विभिन्न प्रकार की नेत्र चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के मेगा चिकित्सा शिविर समाज के विभिन्न वर्गों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि इससे दूरस्थ और जरूरतमंद लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी।
उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे आयोजन स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने के साथ-साथ जनकल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं।--------------

