दामोदर नदी में डूबने से दो बच्चों की मौत

रेस्क्यू अभियान चलाते गोताखोरनदी तट पर मौजूद अधिकारी

रामगढ़, 17 मई (हि.स.)। रामगढ़ शहर के दो बच्चों की मौत दामोदर नदी में डूबने से हो गई। जबकि एक बच्चे की जान स्थानीय लोगों के सक्रियता और सूझबूझ से बची। पूरे दिन दामोदर नदी में शव की तलाश जारी रही। शाम को गढ़बांध चेकडैम के पास दोनों बच्चों का शव बरामद किया गया।

घटनास्थल पर मौजूद रामगढ़ अंचल अधिकारी रमेश रविदास ने बताया कि रामगढ़ शहर के मेन रोड, सुभाष चौक निवासी बबलू सोनकर का 14 वर्षीय पुत्र प्रिंस सोनकर और बिजुलिया तालाब के अयोध्या नगर निवासी दीपक कुमार वर्मा का 14 वर्षीय पुत्र वैभव अपने एक अन्य साथी बंगाली टोला निवासी आयुष के साथ नहाने दामोदर नदी गया हुआ था। गढ़बांध के पास बने चेकडैम में उन लोगों ने नहाना शुरू किया। इसी दौरान वे लोग नदी में गिरे। देखते ही देखते तीनों बच्चे गहरी नदी में समा गए। वहां पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाई और आयुष को डूबने से बचा लिया। लेकिन प्रिंस और वैभव को वे लोग नहीं बचा पाए।

रामगढ़ अंचल अधिकारी रमेश रविदास ने बताया कि जब बच्चे डूब रहे थे, उस समय वहां मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया। जब वे बचाने में सफल नहीं रहे तो उनका शव ढूंढने का प्रयास किया। घंटों तलाश के बाद भी जब वे सफल नहीं हो पाए, तो पतरातू से चार गोताखोरों को बुलाकर नदी में तलाश शुरू की गई। लगभग 8 घंटे तक चली तलाश के बाद सबसे पहले वैभव शव निकाला गया। इसके बाद लगभग 1 घंटे बाद प्रिंस का शव निकाला गया।

बच्चों के डूबने की खबर जब परिजनों को मिली तो वह दामोदर नदी तट पर पहुंच गए। हर पल जब उन्हें बच्चों की खबर नहीं मिल रही थी तो वे लोग वहां रोने बिलखने लगे। परिजनाें के चीत्कार से वहां मौजूद हर व्यक्ति का कलेजा दहल उठा। कोई बच्चों की मां को सांत्वना दे रहा था, तो कोई उसके पिता को ढांढ़स बांधते हुए नजर आया।

दोनों बच्चों के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। रामगढ़ अंचल अधिकारी रमेश रविदास ने बताया कि बच्चों के परिजनों को सरकारी प्रावधानों के अनुरूप सहायता प्रदान की जाएगी।

---------------

   

सम्बंधित खबर