रांची विश्वविद्यालय में सामूहिक योगाभ्यास, स्वास्थ्य मंत्री ने योग को बताया स्वस्थ जीवन का आधार

योग करते  स्वास्थ्य मंत्री सहित अन्ययोग करते लोग

रांची, 21 जून (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार सुबह रांची विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती दीक्षांत मंडप में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुबह छह बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवकों, योग प्रशिक्षकों, योग साधकों तथा विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे परिसर में योग के प्रति जागरूकता, उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला।

इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम स्वस्थ आयु के लिए योग रखी गई है। इसी थीम को केंद्र में रखते हुए कार्यक्रम के दौरान लोगों को नियमित योगाभ्यास के माध्यम से स्वस्थ, सक्रिय और संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से योग कर स्वास्थ्य और मानसिक शांति का संदेश दिया।

योगाभ्यास शुरू होने से पूर्व राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति और जीवन पद्धति की अमूल्य धरोहर है। सदियों से योग मानव जीवन को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाने का कार्य करता रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते तनाव, भागदौड़ और मानसिक दबाव के बीच योग लोगों को मानसिक संतुलन बनाए रखने तथा सकारात्मक जीवन दृष्टिकोण विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

स्वास्थ्य मंत्री ने सभी प्रतिभागियों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ रहता है, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और मन को शांति मिलती है। उन्होंने लोगों से योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखकर अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।

कार्यक्रम में उपस्थित अन्य गणमान्य अतिथियों ने भी योग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में बढ़ता स्क्रीन टाइम और बदलती जीवनशैली लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रही है। ऐसे समय में योग शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने का सबसे प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। योग न केवल शरीर को लचीला और स्वस्थ बनाता है, बल्कि व्यक्ति को अनुशासित जीवन जीने की प्रेरणा देता है तथा आत्मविश्वास बढ़ाने में भी सहायक होता है।

इस अवसर पर योगासन के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने उन्हें प्रशस्ति-पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की।

वक्ताओं ने कहा कि इन खिलाड़ियों की सफलता युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है और इससे अधिक से अधिक युवाओं को योग एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होने की प्रेरणा मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान सामूहिक योगाभ्यास का भी आयोजन किया गया। प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया। योग सत्र में शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और एकाग्रता के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, रांची के विधायक सी.पी. सिंह, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार, रांची विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सरोज शर्मा सहित कई गणमान्य अतिथि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षाविद् और समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

--------------

   

सम्बंधित खबर