भाजपा अपने राजनीतिक लाभ के लिए सत्ता का दुरूपयोग कर रही : अखिलेश यादव

लखनऊ, 07 अक्टूबर (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा अपने राजनीतिक लाभ के लिए सत्ता का दुरूपयोग कर रही है। भाजपा ने साजिश और षडयंत्र की सीमाएं पार कर दी है। जनता भाजपा की सत्ता लोलुपता समझ गयी है। भाजपा ने आम जनता, किसानों, नौजवानों, व्यापारियों, गरीबों के साथ विश्वासघात किया है। 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी। जनता भाजपा की कोई साजिश नहीं चलने देगी।

समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ के डॉ राममनोहर लोहिया सभागार में बड़ी संख्या में आये हुए कार्यकर्ताओं एवं नेताओं को सम्बोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा का आचरण जनविरोधी है। अन्याय, अत्याचार चरम पर है। भाजपा सरकार में लोगों के साथ भेदभाव हो रहा है। भाजपा सरकार में जन समस्याएं बढ़ती जा रही है। जनसमस्याओं का कोई समाधान नहीं हुआ। सरकार में झूठ और लूट का बोलबाला है। महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार चरम पर है। गरीबों की कोई सुनवाई नहीं है। गरीब न्याय के लिए भटक रहा है।

अखिलेश यादव ने पार्टी नेताओं से कहा कि वे संगठन को और मजबूत करने में जुट जाएं। संगठन बूथ स्तर पर मजबूत होना चाहिए। बूथ लेबल पर एजेंट बनाएं। किसान, नौजवान समेत सभी वर्गों की समस्याएं उठाएं। गरीबों और पीड़ितों को न्याय दिलाने में मदद करें। प्रदेश ही नहीं, देश की जनता भी समाजवादियों की तरफ बड़ी उम्मीदों से देख रही है। लोग समाजवादी पार्टी की सरकार में किए गए विकासकार्यों, जनहित के फैसलों को याद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने उत्तर प्रदेश को बर्बाद करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। अब तो जनता को 2027 का इंतजार है जब भाजपा को सबक सिखाने का अवसर मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

   

सम्बंधित खबर