कानपुर, 06 जून (हि.स.)। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जूही थाना पुलिस ने शनिवार को एक युवक को पांच किलो से अधिक अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से गांजा और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि आज जूही थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान अनीश गिहार निवासी किदवई नगर को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 5.131 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि वह गांजा कहां से लाता था और किन लोगों तक इसकी आपूर्ति करता था। बरामद मोबाइल फोन की जांच भी की जा रही है, जिससे उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी मिल सके।
पुलिस ने शातिर को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। मामले की जांच जारी है और तस्करी से जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

