जगपति बाबू ने फिल्म 'पेड्डी' को लेकर चल रहे विवाद के बीच अभिनेत्री जाह्नवी कपूर का समर्थन किया है। फिल्म में उनके किरदार की प्रस्तुति को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार आलोचना हो रही है। कुछ दर्शकों का आरोप है कि फिल्म में कुछ दृश्यों और कैमरा एंगल के जरिए अभिनेत्री को वस्तु की तरह पेश किया गया है, जिसके चलते फिल्म को ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है।
एक बातचीत में जगपति बाबू ने कहा कि कलाकारों को किसी फिल्म के रचनात्मक फैसलों के लिए निशाना बनाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि जाह्नवी ने वही किया जो निर्देशक ने उनसे करने के लिए कहा था और कभी-कभी रचनात्मक प्रक्रिया में कुछ चीजें उम्मीद के मुताबिक नहीं हो पातीं। अभिनेता ने स्पष्ट रूप से कहा कि वह इस मामले में जाह्नवी कपूर के साथ खड़े हैं और उन्हें व्यक्तिगत रूप से ट्रोल कर मानसिक रूप से परेशान नहीं किया जाना चाहिए।
इससे पहले फिल्म के निर्देशक बुची बाबू सना भी विवाद पर प्रतिक्रिया दे चुके हैं। उन्होंने दर्शकों की आपत्तियों को स्वीकार करते हुए माफी मांगी थी और कहा था कि फिल्म के कुछ विवादित दृश्यों में बदलाव किया जाएगा। निर्देशक ने स्पष्ट किया था कि उनका उद्देश्य केवल मनोरंजन और प्रेरणा देना था, किसी को असहज या अपमानित महसूस कराना नहीं। हालांकि, इस पूरे विवाद पर अब तक जाह्नवी कपूर की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
---------------

