जयपुर सेंट्रल जेल परिसर में लावारिस पार्सल से तीन मोबाइल बरामद, मामला दर्ज
- DSS Admin
- Jul 02, 2026
जयपुर, 02 जुलाई (हि.स.)। राजधानी की हाई सिक्योरिटी मानी जाने वाली जयपुर सेंट्रल जेल परिसर में लावारिस हालत में मिले एक पार्सल से तीन मोबाइल फोन, तीन बैटरियां, एक डाटा केबल और बीस बीड़ी के बंडल बरामद होने के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले में जेल प्रशासन की ओर से लालकोठी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।
लालकोठी थानाधिकारी श्याम सुंदर शर्मा ने बताया कि जेल प्रशासन की ओर से जेल प्रहरी सुरेशचंद्र ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार दो दिन पहले जयपुर सेंट्रल जेल के वार्ड संख्या-13 के पीछे बने शौचालय के पास एक लावारिस पार्सल मिला था। पार्सल को खोलने पर उसमें तीन मोबाइल फोन, तीन बैटरियां, एक डाटा केबल तथा बीड़ी के 20 बंडल मिले। बरामद सामग्री को जेल प्रशासन ने जब्त कर लिया।
थानाधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आशंका है कि प्रतिबंधित सामग्री से भरा यह पार्सल बाहर से जेल परिसर में फेंका गया था। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि पार्सल किसने फेंका और इसे किस बंदी तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही थी। मामले की जांच एएसआई सूरजमल को सौंपी गई है। पुलिस और जेल प्रशासन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि जयपुर सेंट्रल जेल में मोबाइल मिलने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी जेल परिसर और बंदियों के कब्जे से कई बार मोबाइल फोन बरामद हो चुके हैं। हाल ही में जेल के भीतर बंदियों के बीच मारपीट की दो घटनाएं भी सामने आई थीं। इनमें एक विवाद सफाई को लेकर और दूसरा हनुमान चालीसा के पाठ को लेकर हुआ था। दोनों मामलों में भी लालकोठी थाने में प्रकरण दर्ज किए गए थे।
---------------

