जयपुर में साइक्लिंग को बढ़ावा देने के लिए तीन जून से हाेगी साइक्लोथॉन अभियान की  शुरुआत

जयपुर, 01 जून (हि.स.)। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर तीन जून से एयू जयपुर साइक्लोथॉन 2026 अभियान की शुरुआत होगी। इस अभियान के तहत जयपुर में साइक्लिंग संस्कृति, फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

इस पहल का आयोजन संस्कृति युवा संस्था, जयपुर रनर्स क्लब एवं इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इवेंट मैनेजमेंट (आईआईईएमआर) द्वारा एवं एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक और इटरनल हॉस्पिटल जयपुर के सहयोग से किया जा रहा है।

इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इवेंट मैनेजमेंट (आईआईईएमआर) के निदेशक मुकेश मिश्रा ने बताया कि 3 जून से 7 जून तक चलने वाले इस सप्ताहव्यापी कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों को साइक्लिंग को स्वस्थ एवं सतत जीवनशैली की आदत के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित करना है, साथ ही हरित परिवहन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है।

विश्व साइकिल दिवस के उपलक्ष्य में तीन जून को “सस्टेनेबल मोबिलिटी, सड़क सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं साइक्लिंग संस्कृति” विषय पर एक विशेष टॉक शो का आयोजन किया जाएगा। इस सत्र में वरिष्ठ सरकारी अधिकारी, नीति निर्माता, साइक्लिंग विशेषज्ञ और स्वास्थ्य क्षेत्र के विशेषज्ञ भाग लेंगे तथा स्वस्थ शहरों और हरित भविष्य के निर्माण में साइक्लिंग की भूमिका पर चर्चा करेंगे।

इस टॉक शो में राजस्थान सरकार के स्थानीय स्वशासन विभाग के सचिव रवि जैन (आईएएस), जयपुर जिला कलेक्टर संदीप नायक (आईएएस), जयपुर पुलिस के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (यातायात एवं प्रशासन) योगेश दाधीच (आईपीएस), डीसीपी (दक्षिण) राजर्षि राज (आईपीएस), संस्कृति युवा संस्था के अध्यक्ष पं. सुरेश मिश्रा, पूर्निमा विश्वविद्यालय की निदेशक एवं प्रख्यात साइक्लिस्ट रेनू सिंघी, उत्तर पश्चिम रेलवे के शशि किरण (आईआरएसएमई) तथा इटरनल हॉस्पिटल के वरिष्ठ महाप्रबंधक नितेश तिवारी अपने विचार साझा करेंगे। कार्यक्रम का संचालन प्रसिद्ध रेडियो जॉकी आरजे मोहित करेंगे।

संस्कृति युवा संस्था के अध्यक्ष पं. सुरेश मिश्रा, आयोजन समिति के अध्यक्ष सुधीर जैन गोधा, इवेंट डायरेक्टर कैप्टन शशि किरण तथा आईआईईएमआर के निदेशक मुकेश मिश्रा ने बताया कि 7 जून को आयोजित होने वाले मुख्य साइक्लोथॉन कार्यक्रम में हजारों साइक्लिस्ट और फिटनेस प्रेमियों के शामिल होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल एक खेल आयोजन नहीं बल्कि पर्यावरणीय जिम्मेदारी, सक्रिय जीवनशैली और सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देने वाला जनआंदोलन है।

अभियान के तहत 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एक मेगा पौधारोपण अभियान आयोजित किया जाएगा, जबकि 6 जून को बिब एक्सपो एवं साइक्लिंग अवॉर्ड्स समारोह का आयोजन होगा। इसके बाद 7 जून को भव्य एयू जयपुर साइक्लोथॉन का आयोजन किया जाएगा।

---------------

   

सम्बंधित खबर