
रामगढ़, 19 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष विधायक जयराम महतो शनिवार को रामगढ़ में विस्थापितों से मिलने पहुंचे। यहां उन्होंने जेएलकेएम पार्टी को शोषितों और प्रताड़ितों की उम्मीद बताई। रांची रोड, सेवटा स्थित बीआरएल ग्राउंड में उन्होंने उन ग्रामीणों से बात की जो प्लांट प्रबंधन के सताए हुए हैं।
विस्थापितों, प्रभावितों और मूल रैयतों की समस्याओं से वे रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि 60 वर्षों से कंपनी यहां कार्यरत है लेकिन ग्रामीण को उससे कोई लाभ नहीं मिला। आसपास का क्षेत्र प्रदूषण से बुरी तरह प्रभावित हैं, लोग बीमार पड़ रहे हैं।
जयराम महतो ने बताया कि लोग जेएलकेएम पार्टी को आशा भरी निगाहों से देख रहे हैं। उन्हें पूरा विश्वास है कि जब भी कोई गलती करता है तो यह पार्टी उसके खिलाफ खड़ी हो जाती है। विधानसभा में भी राज्य की जनता की भलाई को लेकर आवाज उठाई गई। उन्होंने अपनी पार्टी के रामगढ़ और मांडू विधानसभा उम्मीदवार को भी दरबार लगाने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें एक बड़ा जनमत मिला था। वे उन लोगों की समस्या का समाधान करें। प्रदेश में आदिवासियों के लिए कानून तो बना हुआ है, लेकिन आज भी यहां के लोग शोषित, पीड़ित, वंचित और दबे कुचले हैं। उन्होंने अन्य कई प्लांट प्रबंधन को भी मजदूरों के साथ शोषण सहित अन्य नहीं करने की हिदायत दी। कार्यक्रम में रवि महतो, संतोष महतो, देवानंद महतो, रमेश कुमार महतो, डा.राजेश महतो, श्याम सुंदर महतो, पणेश्वर् महतो, बिहारी महतो सहित कई लोग मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश