करोड़ों की ठगी मामले में क्राइम ब्रांच जम्मू ने पेश की चार्जशीट

Jammu Crime Branch files charge sheet in multi-crore fraud case.


जम्मू, 30 जून । क्राइम ब्रांच जम्मू ने करोड़ों रुपये के धोखाधड़ी और जालसाजी मामले में आरोपी पुनीत रसूतरा निवासी रेहाड़ी जम्मू के खिलाफ माननीय न्यायालय में चार्जशीट पेश की है।

यह मामला एफआईआर संख्या 23/2019 धारा 420, 471, 201 आरपीसी के तहत मुनीश भाटिया निवासी कैनाल रोड जम्मू की शिकायत पर दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी ने करीब 16 करोड़ रुपये के आर्मी कॉन्ट्रैक्ट का झूठा दावा कर उन्हें और उनके भाई को बैंक लोन के लिए अपनी संपत्ति गिरवी रखने के लिए प्रेरित किया। आरोपी ने कथित तौर पर 107 इंजीनियर रेजिमेंट के नाम से फर्जी सप्लाई ऑर्डर दिखाकर जेएंडके बैंक त्रिकुटा नगर शाखा से 4 करोड़ रुपये की अतिरिक्त ओवरड्राफ्ट सुविधा भी हासिल की। जांच के दौरान सेना अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ऐसा कोई ऑर्डर जारी ही नहीं हुआ था। इस धोखाधड़ी के कारण शिकायतकर्ता को लगभग 10 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ और उन्हें अपनी गिरवी संपत्ति छुड़ाने के लिए बकाया राशि चुकानी पड़ी।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने आपराधिक साजिश के तहत फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर बैंक से भारी रकम हासिल की।

क्राइम ब्रांच जम्मू के एसएसपी फैसल कुरैशी ने आम जनता से अपील की है कि ऐसे वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों की तुरंत सूचना दें ताकि आरोपियों के खिलाफ समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

---------------

   

सम्बंधित खबर